प्रदेश में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर की बोर्ड परीक्षाओं का काउंट डाउन शुरू हो गया है। आठवीं की परीक्षा 19 और 5वीं की 20 फरवरी से शुरू होंगी। शिक्षा विभाग ने परीक्षाओं के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। कक्षा 5 में 49,568 बच्चे अपनी पहली बोर्ड जैसी परीक्षा में शामिल होंगे। आठवीं के बच्चों की संख्या 43,662 रहेगी। कक्षा 5 में कुल परीक्षा केंद्र 1166 तथा 47 संग्रहण एवं मूल्यांकन केंद्र रहेंगे तो कक्षा 8 में कुल परीक्षा 254 केंद्र तथा 21 संग्रहण एवं मूल्यांकन केंद्र रहेंगे। प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं जैसे पेयजल, रोशनी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। दिव्यांग विद्यार्थियों को नियमानुसार अतिरिक्त समय और श्रुतलेखक की सुविधा मिलेगी। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा केंद्रों का भौतिक सत्यापन जल्द पूरा कर लें। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए थानों और नोडल केंद्रों पर विशेष व्यवस्था की जा रही है। नंबर नहीं-ग्रेड मिलेगी, सफल न हुए तो सप्लीमेंट्री परीक्षा का मौका


