भास्कर न्यूज | भांसी/दंतेवाड़ा किरंदुल में काम कर रही कल्पतरू कंपनी पर पेड़ों की अंधाधुंध कटाई का आरोप लगा है। इस लकड़ी का उपयोग मजदूरों के लिए भोजन पकाने के लिए किया जा रहा है। कल्पतरू कंपनी ने पातालनगर में लेबर कैंप बनाया है, जहां कटे हुए पेड़ों की लकड़ियां रखी हुई हैं। वन विभाग ने इनकी कीमत लाखों में आंकी है। बैलाडीला की एनएमडीसी परियोजना में काम कर रही कल्पतरू कंपनी ने डिपॉजिट 11 में पेड़ों की अवैध कटाई कर दी है। सैकड़ों पेड़ों की कटाई पर वन विभाग को भी कोई भनक नहीं लग पाई। इस पर कल्पतरू कंपनी के एडमिन बलराम रॉय ने पेड़ों की कटाई की अनुमति के दस्तावेज दूसरे के पास होने की बात कही है। इधर वन विभाग के डिप्टी रेंजर वीरेंद्र नाग ने बताया कि मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया है। इसके बाद इस पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पेड़ों की कटाई व इसके भंडारण की जानकारी नहीं होने की बात कही है। भांसी। किरंदुल में इसी जगह पर काटे गए पेड़। इसकी जानकारी वन विभाग को नहीं है।


