भास्कर न्यूज| महासमुंद परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक बार फिर देशभर के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के साथ संवाद कर परीक्षा के तनाव को उत्सव में बदलने का मंत्र दिया। इस गौरवशाली मंच पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाली एकमात्र छात्रा महासमुंद की सृष्टि साहू रहीं, जिन्होंने न केवल पीएम मोदी से सवाल पूछा, बल्कि अपनी प्रतिभा से प्रदेश का नाम रोशन किया। सृष्टि ने प्रधानमंत्री से वह सवाल पूछा, जो आज हर विद्यार्थी की चिंता है। उन्होंने पूछा कि पढ़ाई के दौरान ध्यान भटकने पर खुद को शांत कैसे रखें और जो पढ़ा है, उसे लंबे समय तक याद कैसे रखा जाए, प्रधानमंत्री ने बड़े ही सहज भाव से सृष्टि को एकाग्रता और आत्मविश्वास से बढ़ाने के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि ध्यान भटकना स्वाभाविक है। पढ़ाई को बोझ न समझें, बल्कि एक प्रक्रिया के रूप में समझें। एक बार में एक चैप्टर पढ़े और छोटे-छोटे लक्ष्य तय करें। चिंता न करें, लगातार अभ्यास करते रहें। आप जो कुछ पढ़े हैं, उसे रिवाइज करें, इससे ज्ञान याद रखने में मदद मिलेगी और आत्मविश्वास बढ़ेगा। सृष्टि साहू महासमुंद के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नयापारा में कक्षा 12वीं (गणित) की छात्रा हैं। लाखों छात्रों की भीड़ से निकलकर दिल्ली के मुख्य मंच तक पहुंचने का उनका सफर उनकी कड़ी मेहनत और शिक्षकों के प्रोत्साहन की कहानी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सवाल पूछती सृष्टि साहू। संस्कृति और संस्कारों को जानने का मौका मिला दिल्ली में बिताए 5 दिनों के दौरान सृष्टि को गुजरात, असम व अन्य राज्यों से आए छात्रों के साथ समय बिताने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि अलग-अलग राज्यों के छात्रों से मिलकर उन्हें देश की विविधता, संस्कार व संस्कृति को करीब से जानने का मौका मिला। गर्व का पल, मेरी तपस्या सफल हुई: दिनेश्वरी सृष्टि की मां दिनेश्वरी ने कहा कि जब वह दिल्ली में पीएम मोदी से बात कर रही थी, तो मुझे उसकी मेहनत और रातभर जागकर की गई पढ़ाई याद आ रही थी। जब उसने अपना सवाल पूछा, तो मेरी आंखों में खुशी के आंसू थे। एक माँ के लिए लिए यह गर्व की बात है।


