सुबह 4 बजे छापा, महुआ शराब बनाते 7 पकड़े गए

भास्कर न्यूज| महासमुंद जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने शुक्रवार सुबह एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। थाना महासमुंद पुलिस की टीम ने ग्राम बनसिवनी और कमार डेरा में दबिश देकर भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब और शराब बनाने के उपकरण जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एएसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया कि मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रणनीति बनाई। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे, जब अवैध शराब बनाने का काम जोर-शोर से चल रहा था, पुलिस ने बनसिवनी के कमार डेरा क्षेत्र में अचानक छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर भगदड़ मच गई, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सात आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस की इस रेड में शराब निर्माण की पूरी मिनी फैक्ट्री का खुलासा हुआ। मौके से 247 लीटर तैयार शराब जब्त की गई (कीमत लगभग ₹49,400) और लगभग 600 किलोग्राम महुआ लाहन पास को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, इस कच्चे माल से करीब 1800 लीटर अवैध शराब तैयार की जा सकती थी। शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन और अन्य सामग्रियां (कीमत ₹35,000) जब्त की गई हैं। पुलिस ने कुल 144400 रुपए (शराब, लाहन और उपकरण मिलाकर) की संपत्ति जब्त की है। ये आरोपी हुए गिरफ्तार चितेश्वर महेश्वरी (42) निवासी बनसिवनी, सुकलाल कंवर (38) निवासी कमारडेरा, कन्हैया बंजारे (49) निवासी बनसिवनी, राजेश माण्डले (42) निवासी वार्ड नं. 08 बनसिवनी, नेतराम कमार (28) निवासी बनसिवनी, पोखन टण्डन (25) निवासी वार्ड नं. 08 बनसिवनी, तोष कुमार (35) निवासी बनसिवनी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *