भास्कर न्यूज | राजिम राजिम कुंभ कल्प मेला के छठवें दिन राजिम भक्तिन माता भोग भंडारा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भरपेट प्रसाद ग्रहण किया। भोग भंडारे के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि अखिल भारतीय तालिक साहू महासभा अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं कृषि वैज्ञानिक डॉ. नारायण साहू रहे। इस अवसर पर पूर्व जनपद अध्यक्ष शारदा लोकनाथ साहू, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी बोधन साहू, एनएसएस प्रभारी आरके. राजा, दिव्यांग संघ के जिला अध्यक्ष जागेश्वर साहू, पूर्व पार्षद नदी शर्मा, समाजसेवी संतोष शर्मा, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष ओंकार साहू, अंकेक्षक उमेद साहू सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने राजिम भक्तिन माता की पूजा-अर्चना कर भोग भंडारे का विधिवत शुभारंभ किया। कालेज के छात्र छात्राओं ने भी यहां भोजन परोसा। मुख्य अतिथि डॉ. नारायण साहू ने श्रद्धालुओं को अपने हाथों से भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि किसान अन्नदाता है और अन्न का एक-एक दाना अत्यंत मूल्यवान है। श्रद्धालुओं को उतना ही भोजन लेना चाहिए जितना वे ग्रहण कर सकें, ताकि अन्न का सम्मान बना रहे।


