गौरेला में DEO ने स्कूलों का किया औचक निरीक्षण:कम उपस्थिति और खराब नतीजों पर शिक्षकों को लगाई फटकार, नोटिस जारी करने के निर्देश

गौरेला में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) रजनीश तिवारी ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने हाल ही में कई शासकीय स्कूलों का औचक निरीक्षण किया, जहां छात्रों की कम उपस्थिति और परीक्षा परिणामों में कमी पाए जाने पर शिक्षकों को फटकार लगाई। दो शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए गए हैं। DEO रजनीश तिवारी ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के तहत मां कल्याणिका स्कूल गौरेला में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें परीक्षा के तनाव से मुक्त रहने, नियमित पढ़ाई करने और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण में कम पाई गई बच्चों की उपस्थिति इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने गौरेला विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोडरी का औचक निरीक्षण किया। यहां छात्रों की उपस्थिति काफी कम पाई गई, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। DEO ने गणित, अंग्रेजी और विज्ञान विषयों में प्री-बोर्ड और अर्धवार्षिक परीक्षा के कमजोर परिणामों को लेकर विषय शिक्षकों से जवाब तलब किया। दो शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके बाद, उन्होंने प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय बढ़ावनडांड का भी निरीक्षण किया। इस विद्यालय में भी बच्चों की उपस्थिति संतोषजनक नहीं थी। DEO ने संबंधित शिक्षकों को चेतावनी देते हुए छात्रों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही। जिला शिक्षा अधिकारी ने हाई स्कूल सधवानी का भी जायजा लिया। यहां उन्होंने सीधे विद्यार्थियों से बातचीत की और उन्हें नियमित रूप से स्कूल आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने शिक्षकों को भी छात्रों पर विशेष ध्यान देने और इस वर्ष बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी DEO रजनीश तिवारी ने स्पष्ट किया कि शिक्षा की गुणवत्ता और छात्रों का भविष्य उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *