इमरजेंसी में लोगों तक तुरंत मदद मिले इसको लेकर पाली जिले के 13 और थानों को 112 इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल अलॉट किए गए हैं। वाहन में इमरजेंसी में लोगों को राहत पहुंचाने के काम आने वाले कई तरह के उपकरण लगे हैं। मुशिबत में लोगों खास कर महिलाओं द्वारा 112 टोल फ्री नंबर डायल करने पर तुरंत पुलिस इस वाहन से मदद के लिए पहुंचेगी। बता दे कि इससे पहले 10 थानों का इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल उपलब्ध करवाए जा चुके है। पाली के पुलिस लाइन से एसपी चूनाराम जाट, एमटीओ विजय कुमार विश्नोई, जीवीके कमपनी के लोकेश जांगिड़ की मौजूदगी में इन वाहनों को थानों के लिए रवाना किया गया।
इन 13 थानों को मिले इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल
एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि जिले के बगड़ी नगर थाना, सोजत रोड, सादड़ी, शिवपुरा, सुमेरपुर, सदर, सांडेराव, सिरियारी, इंडस्ट्रियल एरिया, खिंवाड़ा, रानी, ट्रांसपोर्ट नगर व फालना पुलिस थानों के लिए वाहन रवाना किए गए। गत वर्ष जिले के 10 थानों में यह वाहन उपलब्ध करवा गए थे। इन वाहनों को चलाने के लिए संविदा पर तीन वाहन चालक लगाए जाएंगे। जिनकी ड्यूटी 24 घंटे रहेगी। इसके साथ ही थाने का 2-3 पुलिसकर्मियों का स्टाफ भी वाहन के साथ रहेगा। इमरजेंसी में कॉल आने पर ये पुलिसकर्मी वाहन के साथ जाएंगे। इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल में हैं यह सुविधाएं
इस वाहन में मेडिकल किट है। इससे सड़क दुर्घटना में घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया जा सकेगा। इसके साथ ही हथौड़ा और कुल्हाड़ी भी है, ताकि एक्सीडेंट में वाहनों में फंसे लोगों को गाड़ियों के शीशे तोड़ बाहर निकाला जा सके। इसके साथ ही इसमें एक रस्सा भी है ताकि कुएं या खाई में गिरे व्यक्ति को तुरंत बाहर निकाला जा सके।
इसमें एक फायर प्रूफ सूट भी है, जिसे पहनकर पुलिसकर्मी आगजनी में फंसे लोगों को बचाकर बाहर जा सकते हैं। इसके अलावा वाहन के चारों दिशाओं में चार CCTV कैमरे भी लगे हैं, जो सीधे अभय कमांड सेंटर से जुड़े हैं। चारों दिशाओं में हो रही गतिविधि को ये कैमरे रिकॉर्ड करेंगे। इसके साथ ही गाड़ी में GPS लगा हुआ है। इसकी लोकेशन पुलिस कंट्रोल रूम की स्क्रीन पर लगातार मॉनिटर होगी। वाहन के अंदर एक बड़ी स्क्रीन लगी हुई है जिसके जरिए पुलिस कंट्रोल रूम से दिए जाने वाले तमाम निर्देश को देखा जा सकता है।


