अजमेर में एक नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। नाबालिग की मां ने एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित मां की शिकायत पर रामगंज थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार- पीड़ित महिला ने थाने पर उपस्थित होकर शिकायत दी की उसकी एक नाबालिग बेटी अजमेर में कंपनी में काम करती है। वह गांव से बस में बैठकर काम पर गई थी। दोपहर में अपनी सहेली के साथ टेंपो में बैठकर उवापस आई थी। बाद में बेटी और उसकी सहेली को गांव वापस बस में बैठकर भेज दिया था। पीड़ित मां ने बताया- बेटी जब गांव नहीं पहुंची तो उसकी सहेली से जाकर पता किया था। उसने बताया कि वह बीच में उतर गई थी। जहां से उसे एक युवक अपनी बाइक पर लेकर गया था। उस वक्त एक अन्य युवक भी मौजूद था। मां ने पुलिस को बताया जब उसने उस युवक को सम्पर्क किया तो मोबाइल बंद आ रहा है। बेटी का मोबाइल भी बंद है। मां ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मां ने पुलिस को बताया कि जो युवक बेटी को ले गया है। उसी युवक से 2 साल पहले बेटी की सगाई करवाई थी। रामगंज थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


