ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले ही प्रदेश में निवेशकों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। केवल एक महीने में शहर की 9 सड़कों पर 45 होटल प्रोजेक्ट के लिए आवेदन आ चुके हैं। इनमें मंडीदीप, बगरोदा, अचारपुरा, बैरसिया, कोलार, रातीबड़, इंदौर और पीलूखेड़ी रोड शामिल हैं। इनमें से सर्वाधिक होटल भोपाल से औबेदुल्लागंज के बीच खोले जाने हैं। प्रॉपर्टी एक्सपर्ट सोनल दीक्षित ने बताया कि बीते एक माह में वे ऐसे लोगों को हाईवे किनारे जमीन दिखा चुके हैं, जो होटल खोलना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि 5 होटल तो सिर्फ औबेदुल्लागंज के पास जबलपुर और भोपाल रोड पर बनाए जा रहे हैं। वहीं, भोपाल से बगरोदा रोड पर 5 नए होटल खोले जाने की तैयारी है। प्रॉपर्टी बिजनेस से जुड़े महेंद्र नारेड़ा ने बताया कि पांच में से दो होटल मुंबई की एक बड़ी कंपनी खोलने वाली है। जमीन की डील लगभग फाइनल है। इसके अलावा 3 होटल पीलूखेड़ी इंडस्ट्री के पास राजगढ़ रोड पर, दो होटल कोलार रोड पर और 3 होटल विदिशा रोड पर शुरू होंगे। 120 करोड़ से होंगे शहर और ग्रामीण क्षेत्र के विकास कार्य
इन्वेस्टर्स समिट को ध्यान में रखकर शहर में 65 करोड़ रुपए से एयरपोर्ट रोड, वीआईपी रोड, बोट क्लब, लिंक रोड नंबर 1, 2 और 3, स्मार्ट सड़क, श्यामला हिल्स, एमपी नगर, रोशनपुरा, रंग महल और श्यामला हिल्स की सड़कों को नए सिरे से बनाया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी कुछ सड़कों का मेंटेनेंस कर रहा है। एयरपोर्ट एप्रोच रोड पर रिटेनिंग वॉल का निर्माण नगर निगम कर रहा है। स्टेट हैंगर पर मरम्मत, पेंटिंग और ग्रिल एक्सटेंशन के काम हो रहे हैं। बोट क्लब, वन विहार, मैनिट से भदभदा रोड पर भी काम चल रहा है। निगम को 22 सड़कों की रिपेयरिंग का जिम्मा दिया है। इस पर करीब 39 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। लगभग 5 करोड़ रुपए से स्मार्ट सिटी भी काम करेगी। इसके अलावा 11 करोड़ रुपए इंडस्ट्री एरिया तक जाने वाली सड़कों के सौंदर्यीकरण और गड्ढे भरने पर खर्च किए जाएंगे।’


