हनुमानगढ़ के गोलूवाला क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम खाराचक-अमरसिंहवाला गांवों के बीच एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सड़क पर खड़े एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार के टकराने से हुआ। जानकारी के अनुसार, यह घटना शाम करीब सात बजे हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे जा घुसी। कार को बाहर निकालने के लिए जेसीबी की मदद लेनी पड़ी। हादसे की सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल जगमोहन सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की सहायता से घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोलूवाला पहुंचाया। कार में सवार जसप्रीत सिंह पुत्र हरविंदर सिंह (निवासी वार्ड नंबर 9, पीलीबंगा) और मन्नू पुत्र मक्खन सिंह (निवासी गोलूवाला सिहागान) कैंचियां में एक शादी समारोह से लौटकर गोलूवाला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर तकनीकी खराबी के कारण खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी कार टकरा गई। सीएचसी के एसएमओ डॉ. सुखमंदर सिंह बराड़ ने बताया कि जसप्रीत सिंह को अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। मन्नू के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद श्रीगंगानगर रेफर किया गया है। ट्रैक्टर चालक हासिम खान पुत्र वारिस खान (निवासी 7-एसटीबी) को भी चोटें आई हैं, जिनका इलाज सीएचसी में जारी है। मृतक जसप्रीत सिंह जलदाय विभाग का ठेकेदार बताया जा रहा है। ट्रैक्टर चालक के साथ मौजूद अयूब खान ने बताया कि ट्रैक्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके चलते उसे सड़क किनारे खड़ा किया गया था। पुलिस देर रात तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं कर पाई थी और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


