सरगुजा के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक एक के कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी एवं सरगुजा जिला पंचायत अध्यक्ष को अजिरमा में भाजपा पदाधिकारी ने मंदिर में जाने से यह कहते हुए रोका और दुर्व्यव्हार किया कि यहां भाजपा का कार्यक्रम है। मामले में जिला पंचायत सदस्य की प्रत्याशी ने आजाक थाने में एफआईआर के लिए आवेदन दिया है। 24 घंटे में FIR दर्ज नहीं होने पर कांग्रेस ने आंदोलन की चेतावनी दी है। जानकारी के मुताबिक, जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 1 में कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी सरिता पैकरा के साथ ही सरगुजा जिला पंचायत की अध्यक्ष मधु सिंह एवं अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मंगलवार को चुनाव प्रचार के लिए अजिरमा गए थे। वे अजिरमा में बल्लभ राधा कृष्ण मंदिर में दर्जशन के लिए पहुंचे तो वहां भाजपा नेता अरविंद मिश्रा ने उन्हें रोका। जिपं अध्यक्ष एवं प्रत्याशी का आरोप है उनके साथ अरविंद मिश्रा ने दुर्व्यव्हार किया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। देर शाम थाने में शिकायत
प्रत्याशी सरिता पैकरा ने जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता के साथ देर शाम आजाक थाने पहंुचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया है कि उन्हें भाजपा नेता ने यह कहते हुए मंदिर में जाने से रोका गया कि यहां भाजपा का कार्यक्रम है। यहां कांग्रेसी नहीं आ सकते। उनके खिलाफ जातिगत टिप्पणी भी की गई। इससे वे आहत एवं अपमानित हुए। जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह ने कहा कि उन्हें पूजा करने से मना किया गया। आपको यहां पूजा करना मना है। यहां भाजपा का कार्यक्रम है। हमारी आस्था है कि हम जहां भी जाते हैं, मंदिर में पूजा करते हैं। अरविंद मिश्रा ने कहा कि आपको पूजा करना मना है, आप आदिवासी वर्ग से आते हैं। इस घटना में मैं आहत हूं। कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा ने आचार संहिता को दरकिनार करते हुए मंदिर परिसर में कार्यक्रम रखा था। वे किसी को मंदिर में जाने से नहीं रोक सकते। कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ दुर्व्यव्हार किया गया। कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। 24 घंटे में FIR नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन करेगी। शिकायत मिली, जांच करेंगे
अजाक थाने के सहायक उपनिरीक्षक इंद्रदेव भगत ने कहा कि सरिता पैकरा का लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा और जांच की जाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष की पत्नी से है मुकाबला
जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक एक सामान्य महिला सीट आरक्षित हुई है। इसमें भाजपा ने दिव्या भारत सिंह सिसोदिया को समर्थित प्रत्याशी घोषित किया है। उनका मुकाबला कांग्रेस की सरिता पैकरा के साथ होगा। जिला पंचायत क्षेत्र दशकों से कांग्रेस का गढ़ रहा है। यहां भारत सिंह सिसोदिया को भी पहले कांग्रेस के यूएस सिंहदेव से हार का सामना करना पड़ा था।


