बकानी पंचायत समिति में शामिल होने की मांग:उमरिया के ग्रामीणों ने सांसद और कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

झालावाड़ के अकलेरा पंचायत समिति से जुड़ी उमरिया ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने अपनी पंचायत को बकानी पंचायत समिति में शामिल करने की मांग उठाई है। मंगलवार को ग्राम पंचायत प्रशासक अनार सिंह गुर्जर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सांसद दुष्यंतसिंह के कार्यालय और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि उमरिया पंचायत बकानी से मात्र 17 किलोमीटर दूर है, जबकि वर्तमान में जिस अकलेरा पंचायत समिति से उन्हें जोड़ा गया है, वह 40 किलोमीटर दूर है। 2015 में जब अकलेरा को नई पंचायत समिति बनाया गया, तब उमरिया को इससे जोड़ दिया गया। समस्या यह है कि गांव से अकलेरा तक का सीधा संपर्क नहीं है और वहां पहुंचने के लिए तीन वाहन बदलने पड़ते हैं, जिससे न केवल समय अधिक लगता है बल्कि आर्थिक बोझ भी बढ़ता है। इस मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जा चुका है। उपखंड कार्यालय में भी यह मांग रखी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वर्तमान में ग्राम पंचायतों का सीमांकन कार्य चल रहा है, ऐसे में ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी मांग पर विचार किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में तूफानसिंह गुर्जर, जुझार सिंह गुर्जर, उदयसिंह गुर्जर, सुरेश दांगी, विष्णु तिवारी, तोलाराम मेहर, राधेश्याम मेहर, सम्पतराज, अर्जुन सिंह गुर्जर समेत कई प्रमुख ग्रामीण शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *