सिवनी मालवा विधानसभा क्षेत्र के डोलरिया थाना अंतर्गत नर्मदापुरम-हरदा मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। ग्राम सोनखेड़ी के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से नर्मदा परिक्रमा कर रहे एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और डोलरिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नंदलाल चंदभान कुशवाहा (निवासी तपाचीपुर ग्राम, हैदरगढ़, बसोदा, विदिशा) के रूप में हुई है। नंदलाल नर्मदा परिक्रमा यात्रा पर पैदल निकले थे। सोनखेड़ी के समीप किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। डोलरिया पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से आरोपी चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिवनी मालवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस घटना ने नर्मदा परिक्रमा यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मुख्य मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।


