जिले के विजयपुर इलाके में शुक्रवार शाम स्कूटी से समोसे लेने निकले 18 वर्षीय तनिष्क परिहार की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शनिवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। पिता ने समोसे लेने भेजा था मिली जानकारी के अनुसार संतोष अहिरवार विजयपुर स्टेशन पर नौकरी करते हैं और NFL परिसर में परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार को उनकी बेटी का जन्मदिन था, इसलिए उन्होंने बेटे तनिष्क को समोसे लेने भेजा था। शाम 7 बजे घर से निकला तनिष्क शुक्रवार शाम करीब 7 बजे स्कूटी लेकर घर से निकला था। समोसे लेकर वह वापस लौट रहा था। वापस आते समय किसी अज्ञात वाहन ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी बुरी तरह टूट गई। सिर में आई गंभीर चोट हादसे में तनिष्क के सिर में गंभीर चोट लगी और काफी खून बह गया। वह सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही विजयपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पहले NFL अस्पताल ले गए पुलिस ने घायल तनिष्क को तुरंत NFL अस्पताल भिजवाया। साथ ही उसके परिवार को भी सूचना दी गई। NFL अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे बाहर ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिवार वाले उसे गुना के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने एम्बुलेंस में ही जांच कर मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल में रखा शव मृत घोषित होने के बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए। वहां शव को पीएम रूम में रखवाया गया। शनिवार सुबह जिला अस्पताल में तनिष्क का पोस्टमार्टम किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक सिर में गंभीर चोट और अधिक खून बहने से उसकी मौत हुई। पड़ोसी ने दी जानकारी पड़ोसी ने बताया कि तनिष्क के पिता विजयपुर रेलवे स्टेशन पर पॉइंट्समैन हैं। बहन के जन्मदिन की तैयारी के लिए उसे समोसे लेने भेजा गया था, तभी यह हादसा हो गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिवार वालों को सौंप दिया। घर में जन्मदिन की खुशियां मातम में बदल गईं।


