रायपुर में तार फैक्ट्री में लगी आग… VIDEO:कावेरी इंडस्ट्री में आग लगने से हड़कंप, फायर ब्रिगेड–पुलिस की टीम पहुंची; जनहानि नहीं

राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित कावेरी इंडस्ट्री में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैक्ट्री परिसर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आग की लपटें तेज हो गईं। फैक्ट्री में तार,ऑयल, केमिकल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। घटनास्थल पर मौजूद निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया, कि पुलिसकर्मी-फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्परता दिखाते हुए तुरंत फैक्ट्री खाली कराई, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फायर ब्रिगेड-पुलिस की टीम पहुंची सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित कर लिया, ताकि कोई भी व्यक्ति आग की चपेट में न आए। आग बुझाने के दौरान दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। आग से फैक्ट्री में रखे कच्चे माल और मशीनरी को नुकसान पहुंचा है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के दौरान आसपास की फैक्ट्रियों के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और एहतियातन कूलिंग का काम जारी है। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *