लुधियाना में 9 वर्षीय बच्चा 3 दिन से लापता:घर के बाहर पतंग उड़ा रहा था; मां बोलीं- थानों के चक्कर काट रहे

लुधियाना जिले के थाना सलेम टाबरी के कासाबाद इलाके से एक 9 वर्षीय बच्चा पिछले 72 घंटों से लापता है। बच्चे का कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने बहादुर के रोड पर धरना प्रदर्शन किया। लापता बच्चे की मां सीमा ने बताया कि उनका बेटा घर के बाहर दरगाह के पास पतंग उड़ा रहा था, जिसके बाद वह अचानक गायब हो गया। सीमा के अनुसार, परिवार पिछले तीन दिनों से अलग-अलग पुलिस थानों के चक्कर लगा रहा है, लेकिन उन्हें कोई उचित मदद नहीं मिली। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया, जिसके कारण उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान परिजनों और स्थानीय लोगों ने बच्चे की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारी परिजनों को समझाकर थाने बुलाया। पुलिस अधिकारियों ने परिवार को आश्वासन दिया कि बच्चे की तलाश के लिए एक विशेष टीम गठित की जाएगी और मामले में तुरंत कार्रवाई शुरू की जाएगी। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन कर रही है। पुलिस ने कहा- बच्चा जल्द सुरक्षित लौटाया जाएगा परिजनों ने उम्मीद जताई है कि पुलिस अब तेजी से कार्रवाई करेगी और उनका बच्चा जल्द ही सुरक्षित लौटा दिया जाएगा। इस घटना को लेकर शहर में लोगों के बीच चिंता का माहौल बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *