बिग बॉस ओटीटी सीजन 2 के विनर और यूट्यूबर एल्विश यादव की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। एल्विश के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद जब जयपुर पुलिस नोटिस जारी करने की तैयारी कर रही है। जयपुर विजिट के दौरान 10 फरवरी को एल्विश यादव ने एक वीडियो शेयर किया था। वीडियो में पुलिस एस्कॉर्ट करती नजर आ रही थी। एस्कॉर्ट के साथ एल्विश यादव के घूमने पर जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ का मंगलवार को बयान भी आया था। पुलिस अफसरों ने एस्कॉर्ट देने जैसे किसी मामले से साफ इनकार कर दिया था। वीडियो के बाद एल्विश यादव के खिलाफ 11 फरवरी को साइबर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल करने और भ्रामक प्रचार-प्रसार करने को लेकर यह रिपोर्ट हुई है। इस मामले में अब पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के बेटे कृष्ण वर्धन सिंह खाचरियावास का भी नाम सामने आया है। खाचरियावास ने कहा कि ये इतना बड़ा मामला नहीं है, जितना बनाया गया है। एल्विस यादव एक कलाकार मेरे बेटे का दोस्त है, मेरे से मिलने आता है। पूर्व मंत्री खाचरियावास ने विवाद पर कहीं ये 3 बड़ी बातें… 1. हम सत्ता में नहीं, एस्कॉर्ट कहां से दूंगा
पूर्व मंत्री खाचरियावास ने कहा- एस्कॉर्ट तो हमारे पास है नहीं, न तो हम पावर में है और न सरकार में है। राजस्थान में सरकार बीजेपी की है। एक कलाकार मेरे बेटे का दोस्त है मेरे से मिलने आता है। एल्विश एक यूट्यूबर और सेलिब्रिटी है वह जयपुर आता है। खाचरियावास ने कहा कि मेरा मानना है कि पुलिस को इतनी जल्दी बयान नहीं देना चाहिए था। उन्हें पहले यह पुष्टि कर लेनी चाहिए थी कि मामला क्या है। 2. वीडियो और मुलाकात का मामला
मैंने मेरे बेटे के सोशल मीडिया अकाउंट को भी देखा उसके अकाउंट पर तो ये वीडियो है नहीं। मामला इतना बड़ा नहीं है। पिछली बार भी जब एल्विश आया था तो मुझसे मिला था। टोल नाके पर ये उस समय फंस गया था तो पुलिस ने उसे निकाला था।
3. मामला दर्ज होगा तो मुझे किसी से डर नहीं
यदि कोई मेरे बेटे के खिलाफ मामला दर्ज होगा तो मुझे कोई किसी से डर नहीं लग रहा है। दर्ज होगा तो जवाब देगा लेकिन कौन दर्ज करवा रहा है, किस कानून में दर्ज करवा रहा है ये तो पता चले। इसमें कोई मामला दर्ज होना का केस ही नहीं बनता है। न तो मेरे बेटे ने एस्कॉर्ट मांगी और न मैंने मांगी। मेरा बेटा बालिग है, कानूनी अधिकार है उसे। जयपुर बुलाएगी पुलिस, वीडियो को लेकर होगी पूछताछ
यूट्यूबर एल्विस यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस नोटिस जारी कर उससे पूछताछ के लिए जयपुर बुलाएगी। पूर्व मंत्री खाचरियावास के बेटे से भी वीडियो को लेकर पूछताछ करेगी। जयपुर पुलिस अभी तक इस वीडियो को एडिटेड मान रही है। सोशल मीडिया में एल्विश यादव के एकाउंट से यह वीडियो अपलोड हुआ है। वीडियो में एल्विश मंत्री के बेटे से पूछ रहा है कि ये गाड़ी कौन सी है, जो आगे चल रही है। इस पर युवक (खाचरियावास का बेटा) जवाब दे रहा है- यह थाने की गाड़ी है। कुछ देर बाद में लाइन की गाड़ी आने वाली है, वही आगे साथ चलेगी। एल्विश के अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर 10 फरवरी को अपलोड हुए वीडियो में एल्विश यादव को एस्कॉर्ट मिलने को लेकर सबसे पहले भास्कर डिजिटल ने खबर चलाई थी। इसके बाद जयपुर पुलिस कमिश्नर ने वीडियो को देखने के बाद साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए थे। इसके साथ ही, पुलिस ने सफाई दी थी कि एल्विश को एस्कॉर्ट नहीं दी गई थी। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि अगर पुलिस ने एस्कॉर्ट नहीं दी तो मंत्री का बेटा क्यों बोल रहा है कि सामने चल रही गाड़ी थाने की है। कुछ देर बाद पुलिस लाइन की गाड़ी आ जाएगी। वो भी साथ चलेगी। नियमों के हिसाब से मंत्री के बेटे ने सही कहा है। एक थाने की पीसीआर और ईआर किसी भी वीवीआईपी को अपने थाना सर्किल तक ही एस्कॉर्ट करती है। एक जिले से दूसरे जिले में वीवीआईपी को ले जाने के लिए पुलिस लाइन की गाड़ी का उपयोग किया जाता हैं। एल्विश यादव ने वीडियो शेयर किए थे
एल्विश यादव सांभर में अपने नए गाने की शूटिंग के लिए 8 फरवरी को जयपुर आए थे। इस दौरान एल्विश ने व्लॉग्स वीडियो शूट किए। इसमें जयपुर पुलिस की चेतक को होटल तक एस्कॉर्ट करते देखा गया था। जब वे सांभर के लिए रवाना हुए, तो पुलिस की इमरजेंसी रिस्पॉन्स 112 कार उनकी गाड़ी को एस्कॉर्ट कर रही थी। वीडियो में यह भी देखा गया कि बगरू टोल पर एल्विश यादव की गाड़ी का टोल नहीं लगा, क्योंकि पुलिस एस्कॉर्ट की मौजूदगी में उनकी गाड़ी को बिना रोके निकलने दिया गया था। यह वीडियो खुद एल्विश की गाड़ी के अंदर से शूट किया गया है। पुलिस एस्कॉर्ट करने का एल्विश यादव के यूट्यूब चैनल एल्विश यादव व्लॉग्स पर 10 फरवरी को ही वीडियो अपलोड किया गया था। ————— एल्विश के पुलिस एस्कॉर्ट करने की यह खबर भी पढ़िए…
यूट्यूबर एल्विश यादव पर जयपुर में केस दर्ज:पुलिस एस्कॉर्ट के साथ घूमने का वीडियो शेयर किया था; कमिश्नर बोले- सुरक्षा नहीं दी थी बिग बॉस ओटीटी सीजन 2 के विनर और यूट्यूबर एल्विश यादव पर जयपुर में एक और मुकदमा दर्ज हो गया। जयपुर विजिट के दौरान का एल्विश यादव का एक वीडियो शेयर हुआ था। इसमें पुलिस एस्कॉर्ट करती नजर आ रही थी। हालांकि पुलिस अफसरों ने एस्कॉर्ट देने से इनकार कर दिया था। एस्कॉर्ट के साथ एल्विश यादव के घूमने पर जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ का आज बयान आया था। (यहां पढ़ें पूरी खबर)


