ग्वालियर के घाटीगांव क्षेत्र में वन विभाग ने खैर की लकड़ी की अवैध तस्करी करने वाले मुख्य आरोपी रामनिवास गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उस पर मई 2025 और जनवरी 2026 में जंगलों से खैर के पेड़ों की अवैध कटाई कर वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचाने का आरोप है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार घाटीगांव का जंगल लंबे समय से खैर माफिया के निशाने पर रहा है। तस्करों ने कई स्थानों पर हरे-भरे खैर के पेड़ों की कटाई कर लकड़ी को बाजार में बेचने की तैयारी कर रखी थी। कार और बाइक जब्त की थी करीब नौ महीने पहले भी वन विभाग की टीम ने इसी क्षेत्र से खैर की लकड़ी से भरे दो ट्रक पकड़े थे, लेकिन उस समय गैंग का सरगना फरार हो गया था। इसके बाद इस साल जनवरी में वन विभाग की घेराबंदी के दौरान आरोपी की कार और बाइक जब्त की गई थी। उस समय लकड़ी को गुजरात और हरियाणा भेजने की तैयारी की जा रही थी। अन्य साथियों की तलाश जारी घाटीगांव के रेंजर दीपांशु शर्मा ने बताया कि रामनिवास गुर्जर को खैर के पेड़ काटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामले में शामिल अन्य साथियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


