पंजाब के फाजिल्का जिले में फर्द केंद्र पर तकनीकी खराबी के कारण कई लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जमीन की जमाबंदी और फर्द लेने के लिए सुबह से लाइन में खड़े लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई लोग तो बिना काम के ही वापस लौट गए। सुबह से लाइन में खड़े रहे लोग गांव ख्योवाली ढाब, साबुआना, काबुलशाह खुब्बन और नवा सिवाना से आए लोगों ने बताया कि वे सुबह से लाइन में खड़े थे। जब उनकी बारी आई, तो लंच टाइम शुरू हो गया। लंच टाइम खत्म होने के डेढ़ घंटे बाद भी उन्हें सेवा नहीं मिली। केंद्र के कर्मचारियों ने मशीन खराब होने का हवाला देकर लोगों को प्रतीक्षा करने को कहा। 935 पेज के प्रिंटआउट दिए गए फर्द केंद्र के इंचार्ज संजीव कटारिया का दावा है कि सिस्टम में मामूली तकनीकी खराबी आई थी, जिसे दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज 165 लोगों को 935 पेज के प्रिंटआउट दिए गए हैं, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि अपना काम-धंधा छोड़कर आने के बावजूद उन्हें घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा और कई लोग बिना काम के ही वापस लौट गए। घटना सरकारी सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है, जहां एक छोटी तकनीकी खराबी आम जनता के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन जाती है।


