उदयपुर वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल 2026 में आयोजकों की और से तुर्की के कलाकारों को बुलाने को विवाद खड़ा हो गया है। आज एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने कलेक्टरी के बाहर प्रदर्शन किया और इस प्रस्तुति को रोकने की मांग की। उनका कहना है कि तुर्की ने पाकिस्तान का साथ दिया और उसी देश के कलाकारों को यहां मंच देना गलत बात है। म्यूजिक फेस्टिवल में तुर्की के कलाकारों की ओर से दी जाने वाली प्रस्तुति पर रोक लगाने के साथ ही म्यूजिक फेस्टिवल को रद्द करने की मांग को लेकर एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा को ज्ञापन सौंपा। एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तुर्की ने पाकिस्तान का सहयोग किया और ऐसे देश के कलाकारों को मेवाड़ की धरती बुलाया गया है। एनएसयूआई के पूर्व जिलाध्यक्ष मोहित नायक ने बताया कि तुर्की के कलाकारों को बुलाकर महाराणा प्रताप की पावन धरा पर मंच उपलब्ध कराना पूर्ण रूप से गलत है। कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि अगर समय रहते इसको नहीं रोका गया तो आंदोलन किया जाएगा इसकी जिम्मेदारी आयोजनों के साथ-साथ जिला प्रशासन की होगी। उल्लेखनीय है कि आज शाम को फेस्टिवल के दौरान तुर्की गायिका सेलिन सुम्बुलटेपे और कलाकारों की प्रस्तुति है और इसी को लेकर एनएसयूआई विरोध जता रहा है।


