भाजपा ने विधायक घोघरा के आरोप नकारे:जिलाध्यक्ष बोले- कांग्रेसी अब भाजपा के मंत्रियों और नेताओं पर व्यक्तिगत आरोप लगा रहे

डूंगरपुर में भाजपा ने कांग्रेस विधायक और जिलाध्यक्ष गणेश घोघरा के सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल ने कहा कि कांग्रेस विधायक अब भाजपा के मंत्रियों और नेताओं पर व्यक्तिगत आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने ऐसी अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल को राजनीति में अनुचित बताया। पटेल ने स्पष्ट किया कि भाजपा के टीएडी मंत्री बाबूलाल खराड़ी पहले ही कह चुके हैं कि उनके बेटे ने जमीन को लेकर कोई घोटाला नहीं किया है। उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्ष घोघरा द्वारा मंत्री खराड़ी पर बांसवाड़ा के दानपुर में 52 बीघा जमीन हड़पने के आरोपों को भी निराधार बताया। साथ ही, भाजपा के डूंगरपुर प्रत्याशी रहे बंशीलाल कटारा पर लगाए गए आरोपों को भी पूरी तरह से खारिज किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल ने कांग्रेस सरकार के दौरान टीएडी (जनजाति क्षेत्रीय विकास) विभाग में हुए कई घोटालों का आरोप लगाया। उन्होंने ‘भास्कर’ की खबरों का हवाला देते हुए लाखों के फर्नीचर घोटाले और हॉस्टल में सामग्री सप्लाई घोटाले जैसे कई मामलों का जिक्र किया। पटेल ने कहा कि भाजपा ने हमेशा गरीब कल्याण के लिए काम किया है। इस दौरान भाजपा पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष अशोक पटेल ने केंद्र सरकार के बजट को आमजन, गरीब, पिछड़े, विद्यार्थी और महिलाओं के लिए फायदेमंद बताया। उन्होंने कहा कि बजट में कई दवाइयां सस्ती की गई हैं और महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया गया है। भाजपा के पूर्व मंत्री सुशील कटारा ने ‘जी रामजी योजना’ को एक बेहतरीन पहल बताया, जिसके तहत अब 100 की जगह 125 दिन का रोजगार मिलेगा और 7 दिन में भुगतान की गारंटी होगी, जिससे मनरेगा की पुरानी गड़बड़ियों की गुंजाइश नहीं रहेगी। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष हंसमुख पंड्या, सुदर्शन जैन सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *