राऊ थाना क्षेत्र में एक डिलीवरी बॉय की एक्सीडेंट में मौत हो गई। घटना के बाद उसे अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर उसका जिला अस्पताल में पीएम करवाया। परिजन ने बताया कि युवक प्रतियोगी परीक्षा की भी तैयारी कर रहा था। राऊ थाने के प्रधान आरक्षक यशवंत सिंह भाटी ने बताया कि घटना शुक्रवार देर रात की है, इसमें रूपेश (26) पिता शांतिलाल आर्य निवासी ग्राम कुटवाडी, जिला बड़वानी की मौत हो गई। दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास बायपास पर एक्सीडेंट हुआ था। घटना बाद युवक को इलाज के लिए ट्रामा अस्पताल लेकर पहुंचे थे। इलाज के दौरान शनिवार सुबह युवक की मौत हो गई थी। युवक अपने परिजन के यहां सिलीकॉन सिटी से मिलकर वापस जा रहा था। तभी अज्ञात वाहन से एक्सीडेंट हुआ है। राऊ थाने पर मर्ग कायम किया गया और मामले की जांच की जा रही है। जिला अस्पताल में युवक का पीएम करवाया गया है। युवक के काका संदीप आर्य ने बताया कि रूपेश प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था और पार्ट टाइम में डिलीवरी बॉय का काम करता था। घटना शुक्रवार रात करीब 1 बजे के आसपास हुई है। रात में फोन पर एक्सीडेंट की सूचना मिली, जिसके बाद अस्पताल पहुंचे। मगर इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक के पिता किसान है। परिवार में रूपेश के अलावा एक भाई व दो बहनें है।


