मंदसौर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात तस्कर सद्दाम (32) पिता लाल मोहम्मद निवासी बुढा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम 1988 (PIT-NDPS एक्ट) के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को 5 फरवरी को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल इंदौर भेज दिया गया है। यह कार्रवाई नींद की दवाइयों और मनोरोगी पदार्थों के अवैध व्यापार की रोकथाम को लेकर की गई है। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) मल्हारगढ़ नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नारायणगढ़ ने आदतन अपराधी सद्दाम के खिलाफ प्रस्ताव तैयार किया था। इसे एसपी के माध्यम से जिला दंडाधिकारी और फिर आयुक्त उज्जैन संभाग को भेजा गया, जहां से आदेश जारी होने के बाद गिरफ्तारी की गई। 5 बार ड्रग्स और 8 बार हथियार तस्करी में पकड़ाया एसपी विनोद कुमार मीना के निर्देश पर तस्करों के रिकॉर्ड ICJS पोर्टल पर अपडेट किए जा रहे हैं। इसी दौरान एसडीओपी मल्हारगढ़ ने सद्दाम का डोजियर तैयार किया, जिसमें उसका लंबा आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सद्दाम पर कुल 13 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें 5 मामले अवैध मादक पदार्थ तस्करी (NDPS एक्ट) के और 8 मामले अवैध हथियारों की तस्करी (आर्म्स एक्ट) के हैं।


