मोगा में गार्ड ने कराई गोदाम से चावल चोरी:4 आरोपी गिरफ्तार, 10 बोरी माल व कार बरामद, एक दिन के रिमांड पर लिया

पंजाब के मोगा जिले के अजीतवाल पुलिस ने हर्ष एग्रो गोदाम से सरकारी चावल चोरी करने के मामले में एक सुरक्षा गार्ड और उसके तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई डीएसपी अनवर अली के नेतृत्व में असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 10 बोरियां चावल और वारदात में इस्तेमाल की गई एक ऑल्टो कार भी बरामद कर ली है। घटना का खुलासा तब हुआ जब ग्लोबल वेयरहाउस एंड ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड के डिप्टी रीजनल मैनेजर जसवीर सिंह को गांव चूहड़चक्क स्थित गोदाम से अनाज गायब होने की सूचना मिली। जांच में सामने आया कि वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सू ने अपने साथियों गुरतेज सिंह, आकाशदीप सिंह और अमरेंद्र सिंह के साथ मिलकर सरकारी चावल के 10 कट्टे (कुल 5 क्विंटल) चोरी किए थे। थाना प्रभारी राज सिंह के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद सहायक थानेदार बलजिंदर सिंह की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि रक्षक ही भक्षक बन गया था, क्योंकि सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले गार्ड ने ही बाहरी लड़कों के साथ मिलकर इस चोरी की साजिश रची और उसे अंजाम दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को उनका एक दिन का रिमांड मिला है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से पुरानी चोरियों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ करेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *