बौली थाना क्षेत्र के कोड्याई गांव में ब्लाइंड मर्डर केस में जिला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। 3 फरवरी को कोड्याई गांव के जंगलों में हुई बुजुर्ग कमला देवी की गला और पैर काटकर बेरहमी से हत्या करने के मामले ने खुलासा किया है। घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी महिला के पड़ोसी रामलाल जोगी पुत्र गोपी जोगी को दतवास से गिरफ्तार किया। एसपी अनिल बेनीवाल ने इसे लेकर बौंली थाने में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वारदात की कलई खोली। जांच में कई थानों में टीम लगी एसपी ने बताया कि 3 फरवरी को मृतका के पुत्र हंसराज मीणा निवासी कोड्याई ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसकी मां जंगलों में बकरियां चराने गई थी। जहां अज्ञात मुलजिमों ने धारदार हथियार से उसके गर्दन व दोनों पैर काटकर निर्मम हत्या कर दी। साथ ही लगभग 2 किलो चांदी व चार तोला सोने के जेवरात पार कर लिए। जिसके बाद मौके पर 24 घंटे से भी अधिक समय तक शव रखकर प्रदर्शन किया गया। एएसपी नीलकमल मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। डिप्टी उमेश गुप्ता, प्रशिक्षु आरपीएस अमृता राठौड,एसएचओ जितेंद्र सिंह सहित सवाई माधोपुर,मलारना डूंगर, खंडार,सूरवाल सहित कई थानों की पुलिस टीमें,डीएसटी व साइबर टीम ने हर पहलू पर बारीकी से अनुसंधान किया। खेत के पास खडी हुई मिली मोटरसाइकिल जांच में अहम साबित हुई। सरसों के खेत में छिपाई कुल्हाड़ी दरअसल, आरोपी रामलाल नाथ के मृतका के परिवार से अच्छे संबंध थे। आरोपी ने मृतका के बड़े पुत्र से लगभग ढाई लाख रुपए का कर्ज भी ले रखा था। आरोपी लगभग 10 दिनों से वारदात को अंजाम देने की फिराक में था और वारदात में काम ली गई कुल्हाड़ी को पहले ही सरसों के खेत में छुपा रखा था। घटना के दिन आरोपी कच्चे रास्ते से मोटरसाइकिल लेकर घटना स्थल पर पहुंचा और बाइक को करीब 1 किलोमीटर दूर ही खड़ा कर दिया। मौके पर पहुंच कर आरोपी ने मृतका कमला देवी के साथ धुम्रपान किया।इसके बाद आरोपी ने मृतका के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया। जिससे वह बेहोश हो गई।जिसके बाद आरोपी ने कमला देवी के दोनों पैर काटकर व गला रेत कर आभूषण पार कर लिए।वारदात के दिन से ही आरोपी संदिग्ध माना जा रहा था। आरोपी मृतका के परिवार के करीबी होने के बावजूद उसके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुआ।जिसके बाद पुलिस ने आसूचना का संकलन कर कार्रवाई को अंजाम दिया। बहरहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। युवाओं ने पुलिस के समर्थन में की नारेबाजी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सूचना कस्बे में आग की तरह फैल गई। इसके बाद दर्जनों की तादाद में युवा व कस्बा वासी बौली थाना पर आए और पुलिस के समर्थन में जमकर नारेबाजी करते हुए एसपी व बौली थाना पुलिस का आभार भी व्यक्त किया। एसपी अनिल बेलीवाल ने अपील की, कि जो भी मां बहने चांदी सोने के जेवरात पहनती है उन्हें जंगल में बकरियां चराने व अन्य जानवर चराने के लिए अकेले नहीं जाना चाहिए। साथ ही एसपी ने अपराध नियंत्रण को लेकर कार्रवाई जारी देने का भी आश्वासन दिया। फोटो/वीडियो-आशीष मित्तल बौंली।


