अजमेर की 132 साल पुरानी फॉयसागर झील का नाम बुधवार को वरुण सागर झील कर दिया गया। इसपर बात करते हुए देवनानी ने कहा- अजमेर में उन स्थानों के नाम बदले गए हैं जो गुलामी के प्रतीक थे। अगर आगे भी ऐसा कुछ प्रतीक सामने आते हैं तो नाम बदला जाएगा। देश को आजाद हुए लगभग 77 साल हो चुके हैं। उसके बाद भी कई जगह गुलामी के प्रतीक बने हुए हैं। अजमेर में भी 2-3 गुलामी के प्रतीक हैं। इस बार के चुनाव के मेनिफेस्टो में भी लिखा है। इस मेनिफेस्टो के हिसाब से काम करना शुरू किया। अगर और भी कोई प्रतीक होगा तो उसका भी नाम भारतीय और सनातन के आधार पर नामकरण किया जाएगा। देवनानी आज अजमेर के दौरे पर थे, यहां उन्होंने सर्किट हाउस में मीडिया से बात की। बोले- वरुण देवता सिंधी समाज के अराध्य देवनानी ने कहा- 132 साल पुरानी फॉयसागर झील ब्रिटेन के इंजीनियर के नाम से थी। अजमेर की पानी की आपूर्ति पूरी करने के लिए इसे तैयार किया था। जिसको देखते हुए फॉयसागर झील का नाम वरुण सागर से रखा गया है। इसके आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। देवनानी ने कहा कि वरुण देवता सिंधी समाज और अन्य समाज के आराध्य देव रहे हैं। भगवान झूलेलाल का अवतार भी वरुण सागर में हुआ था। अजमेर में बहुत बड़ा समुदाय भी जुड़ा हुआ है। राजस्थान की निगाहें भी यहीं पर है। इसलिए अब से इस वरुण सागर के नाम से जाना जाएगा। देवनानी ने कहा कि झील के आसपास वरुण सागर की प्रतिमा भी लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि झील पर सिंधी समाज चालियों महोत्सव मानता है। इसको देखते हुए वरुण सागर पर एक घाट का निर्माण भी जल्द करवाया जाएगा। एलिवेटेड ब्रिज का नाम रामसेतु करेंगे देवनानी ने कहा कि किंग एडवर्ड मेमोरियल करीब 113 वर्ष पुराना है। महर्षि दयानंद ऋषि निर्माण स्थल को ध्यान में रखते हुए इसका नाम भी महर्षि दयानंद विश्रांति गृह के नाम पर बदल गया है। जल्द इसकी पट्टी का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही आरटीडीसी होटल का नाम खादिम था। जिसका नाम भी बदलकर अजयमेरु होटल के नाम से रखा गया है। देवनानी ने कहा कि एलिवेटेड ब्रिज का नाम भी राम सेतु करने का सुझाव आया है। इसे लेकर अधिकारियों से चर्चा की है। जल्दी इस पर भी निर्णय लिया जाएगा। आवासीय प्रोजेक्ट का नाम भी बदलेगा देवनानी ने कहा कि अजमेर की जयपुर से जो एंट्री है उधर भी आकर्षक आधुनिक और इतिहास से जुड़ी एंट्री भी बनाने जा रहे हैं। अजमेर विकास प्राधिकरण (ADA) भी एक आवासीय प्रोजेक्ट लॉन्च कर रहा है। उसका नाम भी अटल आवासीय योजना होगा। इसे एक नया, स्वच्छ, आधुनिक और सुंदर अजमेर के रूप में बनाने की प्रक्रिया में है।


