झालावाड़ पुलिस ने दंपती पर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नमन श्रीवास (22) एक सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद एसआरजी अस्पताल में इलाज करा रहा था, जहां से पुलिस ने उसे दबोच लिया। सीआई रामकेश मीना के अनुसार, यह मामला संजय कॉलोनी का है, जहां आरोपियों ने एक दंपती से फिरौती की मांग की थी। दंपती द्वारा फिरौती न देने और मुकदमा वापस न लेने पर बदमाशों ने उन पर लोहे के सरिये और चाकुओं से हमला कर दिया था। इस मामले में मुख्य आरोपी कबीर संजरी और तोहिद उर्फ नाना शादाब को 8 फरवरी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। विशेष टीमों का गठन कर लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे घटनास्थल संजय कॉलोनी से लेकर खारी बावड़ी, बंदूक वाली गली, मंगलपुरा, पीलखाना और सर्राफा बाजार तक का भ्रमण कराया, जहां से वह घटना के बाद फरार हुआ था। पुलिस अब घटना के पीछे के उद्देश्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


