बैतूल जिले से सैकड़ों आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका दिल्ली के लिए रवाना हुई हैं। तालकटोरा स्टेडियम में होने वाले राष्ट्रीय कन्वेंशन में देश भर से आए कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। इस दौरान वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक ज्ञापन सौंपेंगे। कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में सुप्रीम कोर्ट के 25 अप्रैल 2022 के फैसले के अनुसार, ग्रेज्युटी का भुगतान और गुजरात हाई कोर्ट के 2 अगस्त 2024 के आदेश के मुताबिक ग्रेड III और IV के सरकारी कर्मचारियों के रूप में नियमितीकरण शामिल है। साथ ही, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार न्यूनतम 26 हजार रुपए प्रति माह वेतन की मांग भी की जा रही है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सक्षम आंगनवाड़ी और पोषण 2.0 योजना (पूर्व में ICDS) के 50 वर्ष पूरे होने पर इसके संस्थागतकरण की भी मांग कर रहे हैं। उनकी मांग है कि सरकार छह वर्ष से कम उम्र के बच्चों की प्रारंभिक देखभाल, शिक्षा और विकास के लिए एक कानून बनाए और इसके लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान करे। ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ आंगनवाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर्स के माध्यम से चलाए गए राष्ट्रव्यापी हस्ताक्षर अभियान के पत्र भी राष्ट्रपति को सौंपे जाएंगे।


