पन्ना टाइगर रिजर्व के मड़ला परिक्षेत्र में शनिवार को एक तेंदुआ शावक की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर पन्ना-छतरपुर मार्ग स्थित मनोर क्षेत्र के पास हुई, जहां अज्ञात वाहन ने तेंदुआ शावक को टक्कर मार दी। राजमार्ग से सटे क्षेत्र में मिला शव वन विभाग के अनुसार तेंदुआ शावक का शव मड़ला परिक्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे राजस्व क्षेत्र में बरामद किया गया। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। अधिकारियों का अनुमान है कि यह हादसा सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच हुआ। अज्ञात वाहन के खिलाफ प्रकरण दर्ज वन विभाग ने इस घटना को हिट एंड रन मानते हुए अज्ञात वाहन और चालक के खिलाफ वन अपराध का मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले की जांच में पुलिस की साइबर सेल भी सहयोग कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध वाहन का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वन अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। वन्यजीवों के लिए खतरा बन रहे राजमार्ग वन विभाग ने चिंता जताई है कि टाइगर रिजर्व के बफर और राजस्व क्षेत्रों से गुजरने वाले राजमार्ग वन्यजीवों के लिए लगातार खतरा बनते जा रहे हैं। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में इस क्षेत्र में वाहनों की गति सीमा को लेकर सख्ती बढ़ाई जा सकती है।


