बांसवाड़ा के घोटिया आम्बा के पास शुक्रवार को हुए बस हादसे के बाद शनिवार को जनजातीय क्षेत्रीय विकास (TAD) मंत्री बाबूलाल खराड़ी महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचे। मंत्री ने घायलों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। साथ ही हर संभव मदद करने का भी भरोसा दिया। इस दौरान जिला कलेक्टर इंद्रजीत यादव, एसडीएम सोनू कुमारी और एडिशनल एसपी नरपत सिंह सहित भारी पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। मंत्री ने एक- एक बेड पर जाकर मरीजों से बात कीं और हादसे की जानकारी ली। पीएमओ डॉ. योगेश जोशी और सीएमएचओ डॉ. खुशपाल सिंह ने मंत्री को अब तक किए गए इलाज और रेफर किए गए मरीजों की स्थिति के बारे में जानकारी दी। टीएडी मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि यह एक हृदयविदारक घटना है। सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि पीड़ित परिवारों को हर संभव सरकारी सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष हकरू मईड़ा, मुकेश रावत, डिप्टी श्याम सिंह, कोतवाली थानाधिकारी बुधाराम बिश्नोई और राज तालाब थानाधिकारी देवीलाल मीणा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे। हादसे में अब तक 4 मौतें, कई गंभीर
बता दें कि शुक्रवार की शाम बारातियों से भरी बस ढलान पर अनियंत्रित होकर पलट गई थी। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि संदलई निवासी लक्ष्मी (58) ने देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। हादसे में कुल घायलों की संख्या 43 है, जिनका इलाज जारी है। इस बीच चारों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं।


