बिमटेक में पीएचडी समकक्ष फेलो प्रोग्राम शुरू:60 हजार तक स्कॉलरशिप, 1.80 लाख रिसर्च ग्रांट; 23 फरवरी तक करें आवेदन

बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट टेक्नोलॉजी (बिमटेक) ने 2025 सत्र के लिए पीएचडी समकक्ष फेलो प्रोग्राम में प्रवेश की घोषणा की है। एआईसीटीई, एआईयू और शिक्षा मंत्रालय से मान्यता प्राप्त इस चार वर्षीय कार्यक्रम में 23 फरवरी तक आवेदन किए जा सकते हैं। बिमटेक की निदेशक डॉ. प्रबीना राजीब के अनुसार, संस्थान प्रबंधन क्षेत्र में शोध के इच्छुक और बेहतर शैक्षणिक रिकॉर्ड वाले उम्मीदवारों को आकर्षक अवसर प्रदान कर रहा है। कार्यक्रम फाइनेंस, रिस्क मैनेजमेंट, ऑपरेशन्स, स्ट्रैटेजी, इनोवेशन, सस्टेनेबिलिटी, मार्केटिंग सहित विभिन्न विषयों में विशेषज्ञता प्रदान करता है। वित्तीय सहायता के तहत छात्रों को 1.80 लाख रुपए तक का शोध अनुदान दिया जाएगा। पहले और दूसरे वर्ष में क्रमशः 45,000 और 50,000 रुपए की छात्रवृत्ति, जबकि तीसरे और चौथे वर्ष में 55,000 रुपए प्रति माह मिलेंगे। 90% से अधिक यूजीसी-नेट जेआरएफ या कैट स्कोर वाले छात्रों को उच्च छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा, जिसमें पहले वर्ष 50,000, दूसरे वर्ष 55,000 और अंतिम दो वर्षों में 60,000 रुपए प्रति माह की राशि शामिल है। यह कार्यक्रम छात्रों को अकादमिक, उद्योग और परामर्श क्षेत्र में बेहतर करियर के लिए तैयार करेगा। इच्छुक उम्मीदवारों के पास इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी, प्रबंधन, अर्थशास्त्र, सामाजिक विज्ञान, वाणिज्य या मानविकी में कम से कम 60 अंकों या समकक्ष ग्रेड पॉइंट औसत के साथ एआईसीटीई/एआईयू द्वारा मान्यता प्राप्त मास्टर डिग्री या समकक्ष डिग्री होनी चाहिए, साथ ही उच्चतर माध्यमिक स्कूली शिक्षा (10+2) पूरी करने के बाद स्नातक की डिग्री भी होनी चाहिए। सीए/सीएस/आईसीडब्ल्यूए योग्यता रखने वाले उम्मीदवारों के पास बी.कॉम डिग्री के साथ न्यूनतम 50% अंक होने चाहिए। इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी, प्रबंधन, अर्थशास्त्र, सामाजिक विज्ञान, वाणिज्य या मानविकी में पांच वर्षीय एकीकृत मास्टर डिग्री वाले आवेदकों को कम से कम 60% अंक प्राप्त करने चाहिए। इसके अतिरिक्त, ईएफपीएम के उम्मीदवारों के लिए 31 मार्च तक अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष के साथ न्यूनतम पांच वर्ष का प्रबंधकीय, कार्यकारी या शिक्षण अनुभव होना चाहिए। एफपीएम उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 31 मार्च तक 45 वर्ष है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *