पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में खुलासा करते हुए राजसमंद जिले के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके निशानदेही पर 15 मोटर साइकिलें भी बरामद की है। आरोपी ने यह सभी बाइक चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, पाली, राजसमंद और ब्यावर जिले के अलग-अलग जगहों से चोरी की थी। आरोपी के खिलाफ पहले भी गाड़ी चोरी के सात मामलों में चालान पेश हो चुका है। किले के पीछे जंगल से बरामद की मोटर साइकिलें SP सुधीर जोशी ने बताया कि बीते शनिवार को शहर के इंडियन बैंक के बाहर से मान्दलदा थाना चन्देरिया निवासी गौरीलाल गुर्जर पुत्र मांगीलाल गुर्जर की मोटरसाईकिल अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए थे। जिसका मामला कोतवाली चित्तौड़गढ़ थाने में दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम बनाई गई। मामले में चोरी की वारदात के खुलासे के लिए गठित टीम ने शहर में लगे हुए सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से देखा। ह्यूमन इंटेलीजेंस का उपयोग करते हुए मोटरसाईकिल चोरी की घटना करने वाले आरोपी राजसमन्द जिले के देवगढ़ थाने के घाटी निवासी प्रभु लाल (25) पुत्र सुआ लाल गुर्जर को चोरी की मोटर साईकिल के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रभुलाल गुर्जर ने और भी बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की है। उसके निशानदेही से चोरी की 15 मोटर साइकिलें किले के पीछे जंगल से बरामद की गई, जिनमें से एक मोटरसाईकिल जो शहर चित्तौड़गढ़ से है। बाकी 14 बिना नम्बरी मोटरसाईकिल मिली, जो भीलवाडा, राजसंमद, ब्यावर, पाली जिलों के अलग-अलग जगहों से चोरी की गई थी। सात मामलों में पेश हो चुका है चालान मामले में गिरफ्तार आरोपी प्रभुलाल गुर्जर पुलिस अभिरक्षा में है। आरोपी प्रभु लाल गुर्जर के विरूद्ध पहले भी वाहन चोरी के अलग-अलग मामले कई थानो में दर्ज है। ऐसे सात मामलों में कोर्ट में चालान पेश किया गया है। आरोपी प्रभु लाल से चित्तौड़गढ़ शहर में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के सम्बन्ध में पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी कोतवाली भवानी सिंह के नेतृत्व में एएसआई लक्ष्मण सिंह, हैड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह, कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह, राजेश कुमार और सुनील कुमार शामिल थे।


