28 फरवरी तक होगी मूंगफली की खरीद:किसानों की मांग पर सरकार ने 13 दिन बढ़ाई अवधि; 1.33 लाख किसानों ने करवा रखा है रजिस्ट्रेशन

राज्य सरकार ने किसानों को राहत देते हुए मूंगफली की खरीद की समय-सीमा को 13 दिन के लिए बढ़ा दिया है। सरकार अब मूंगफली की खरीद 28 फरवरी तक करेगी। सरकार अब तक 3.03 मीट्रिक टन से ज्यादा मूंगफली की खरीद कर चुकी है। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने बताया- अभी प्रदेश में मूंगफली खरीद की 15 फरवरी तक करने की समय-सीमा है, लेकिन किसानों की मांग को देखते हुए हमने इसकी समयावधि को बढ़ाने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय को पत्र लिखा था। मंत्री ने बताया- भारत सरकार से मिली स्वीकृति के बाद अब पूर्व में रजिस्ट्रेशन करवा चुके किसान मूंगफली की फसल का सरकार को 28 फरवरी तक कर बेच सकेंगे। हालांकि इस नए टाइम टेबल में किसानों का रजिस्ट्रेशन नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी रजिस्टर्ड पात्र किसानों से नियमानुसार तुलाई की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए मूंगफली खरीद की जाए। बता दें कि मूंगफली खरीद के लिए 1 लाख 33 हजार 296 किसानों ने पंजीकरण करवाया है, जिनमें से अब तक 85 हजार 506 किसानों से खरीद की गई है। उन्होंने बताया कि अब तक किसानों से 2058 करोड़ रुपए कीमत की 3.03 लाख मीट्रिक टन से अधिक मूंगफली की खरीद की जा चुकी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *