मऊगंज में युवक की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप:परिजन बोले-महिला ने टमाटर लाने के बहाने बुलाया था

मऊगंज जिले में एक 27 साल के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव एक महिला के घर के सामने मिलने के बाद परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट में फिलहाल कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं और विसरा जांच के बाद ही मौत का कारण साफ हो पाएगा। महिला पर हत्या करवाने का लगाया आरोप मृतक की पहचान मऊगंज थाना क्षेत्र निवासी पवन गिरि (27) के रूप में हुई है। मृतक के पिता अर्जुन गिरि ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में प्रीतू साहू पर बेटे की हत्या करने या करवाने का आरोप लगाया है। अर्जुन गिरि के अनुसार पवन और प्रीतू साहू के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी। इसी बात को लेकर प्रीतू साहू के ससुर विश्वनाथ उनसे नाराज रहते थे। वे पहले भी पवन को जान से मारने की धमकी दे चुके थे। टमाटर लाने के बहाने बुलाने का आरोप परिजनों के आवेदन के मुताबिक 6 फरवरी की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच प्रीतू साहू ने पवन को फोन कर दुकान से टमाटर लाने और घर पहुंचाने के लिए बुलाया था। पवन उसके घर गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। करीब डेढ़ घंटे बाद परिजनों को सूचना मिली कि प्रीतू साहू के घर से कुछ दूरी पर पवन का शव पड़ा है। परिजनों का दावा है कि पोस्टमार्टम के दौरान पवन के गाल, गले, सीने और जांघ पर काले निशान दिखाई दिए, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई है। टीआई बोले-पीएम रिपोर्ट से होगा खुलासा थाना प्रभारी संदीप भारती ने बताया कि 112 डायल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में शरीर पर कोई साफ चोट के निशान नहीं मिले हैं। विसरा सुरक्षित रखा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने बताया कि मामला संवेदनशील है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *