सरायकेला । आनन्द मार्ग आश्रम, कांड्रा में शनिवार को आनन्द मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल, सरायकेला-खरसावां एवं त्रिनेत्रम आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क मोतियाबिंद जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चला, जिसमें क्षेत्र के 30 लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई। जांच के दौरान 12 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई, जिन्हें ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया है। चयनित सभी मोतियाबिंद रोगियों का निःशुल्क ऑपरेशन 10 फरवरी को त्रिनेत्रम आई हॉस्पिटल में किया जाएगा। शेष मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श व आवश्यक दवाइयों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आंखें ईश्वर का अमूल्य वरदान हैं, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण कई जरूरतमंद लोग समय पर इलाज नहीं करा पाते। ऐसे में आनंद मार्ग द्वारा आयोजित यह शिविर गरीब एवं असहाय लोगों के लिए आशा की किरण बनकर सामने आया है। शिविर को सफल बनाने में त्रिनेत्रम आई हॉस्पिटल के डॉ. विवेक केडिया, अनिमा घोष, जेमा गोप तथा आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल की ओर से गोपाल बर्मन, बसंत राम देव, जितेन बर्मन, सूर्य प्रकाश और पीयूष आनंद का सराहनीय योगदान रहा।


