भास्कर न्यूज| चाईबासा मानवाधिकार कार्यकर्ता बैरम खान ने खुंटपानी स्थित मध्य विद्यालय बड़ा लागिया में शिक्षकों की भारी कमी और इससे प्रभावित हो रही छात्राओं की पढ़ाई को लेकर मुख्यमंत्री एवं संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारियों से शिकायत की है। शिकायत में बताया गया है कि इस सरकारी विद्यालय में 150 से अधिक छात्राएं अध्ययनरत हैं, जबकि पूरे विद्यालय में मात्र एक ही शिक्षक कार्यरत हैं। कक्षा 1 से 8 तक की सभी कक्षाओं का संचालन एक ही शिक्षक के भरोसे किया जा रहा है, जिससे पढ़ाई की गुणवत्ता और बच्चों का भविष्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। आरोप है कि समय-समय पर उसी एकमात्र शिक्षक को प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) के लिए भेज दिया जाता है, जिससे विद्यालय में पढ़ाई लगभग ठप हो जाती है। इस संबंध में संबंधित विभागीय कार्यालय को आवेदन भी दिया जा चुका है, लेकिन अब तक बच्चों के हित में कोई स्थायी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। मानव अधिकार कार्यकर्ता बैरम खान ने अपनी शिकायत में कई महत्वपूर्ण सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि जब छात्राओं की संख्या अधिक है, तो बच्चों के अनुपात में शिक्षकों की नियुक्ति क्यों नहीं की जा रही है।


