भास्कर न्यूज | जांजगीर वरिष्ठ भाजपा नेता और विधायक धरमलाल कौशिक ने जिले में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय बजट 2026‑27 को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह बजट विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में यह बारहवीं बार केंद्रीय बजट पेश किया गया है, जबकि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार नौवीं बार बजट प्रस्तुत करने वाली पहली महिला वित्त मंत्री बनी हैं, जो देश के लिए गर्व का विषय है। धरमलाल कौशिक ने बजट को डेवलप्ड इंडिया का डायनामिक बजट बताते हुए कहा कि इसका लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध बनाना है। उन्होंने कहा कि किसान, युवा, महिला और गरीब वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए बजट नए अवसर खोल रहा है। उन्होंने विशेष रूप से गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं पर केंद्रित प्रावधानों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह बजट इन वर्गों के लिए ठोस कदम है। उनके अनुसार, केंद्र सरकार की योजनाओं से गरीबी में लगातार कमी आ रही है और यह बजट गरीबों को आत्मनिर्भर बनाने में मददगार होगा। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना की सफलता को आगे बढ़ाते हुए बजट में सी‑मार्ट की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक जिले में कम्युनिटी ओन्ड रिटेल आउटलेट स्थापित होंगे, जिनमें बहनों के उत्पाद को बाजार मिलेगा। पशुपालन, कृषि और अन्य गतिविधियों में जुटी महिलाएं अब केवल आजीविका तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि उद्यमी के रूप में आगे बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि यह पहल महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देगी। धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता और विजन से प्रेरित यह बजट युवाओं और किसानों के लिए नई संभावनाएं लेकर आया है। धरमलाल कौशिक ने अंत में कहा कि बजट 2026‑27 देश की आत्मनिर्भरता, ग्रामीण विकास और महिला उद्यमिता को नई दिशा देगा और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े, कमला पाटले, प्रशांत सिंह ठाकुर, अमर सुल्तानिया, नंद चौधरी, नंदनी रजवाड़े, रेखा गढ़वाल, चुन्नीलाल साहु, रवि पांडेय, पंकज अग्रवाल, आशुतोष गोस्वामी, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, विकास शर्मा, अनिल शर्मा, हितेश यादव, संतोषी सिंह, नरेंद्र कौशिक, राकेश रूपवानी, चमन शिव सिंह, राहुल सेन, सुशील सिंह सहित कई नेता और स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


