उत्कृष्ट कार्य पर दस कार्यकर्ता व 10 सहायिकाओं का सम्मान किया

भास्कर न्यूज | धमतरी महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा परवरिश के चैम्पियन, वजन त्यौहार और हमर स्वस्थ लइका विषय पर प्रशिक्षण सह कार्यशाला एवं उत्कृष्ट कार्यकर्ता-सहायिका सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। आंगनबाड़ी केन्द्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 कार्यकर्ता एवं 10 सहायिकाओं का सम्मान किया गया। योगेन्द्र जैन ने बताया कि परवरिश के चैम्पियन कार्यक्रम के तहत पालकों को बच्चों की संवेदनशील परवरिश के संबंध में प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे बच्चे का सर्वांगीण विकास हो सके। 9 से 18 फरवरी तक सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए वजन त्यौहार का आयोजन किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में कुपोषण की सही स्थिति ज्ञात करना एवं जनसामान्य को कुपोषण के प्रति जागरूक करना सम्मिलित है। दीपक गोजे ने हमर स्वस्थ लइका विषय पर जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ में बच्चों को कुपोषण से निकालकर उन्हें एक सुरक्षित, स्वस्थ और सुपोषित भविष्य देना है, अर्थात केवल बीमारी का न होना नहीं, बल्कि बच्चे को शारीरिक रूप से मजबूत करना है। आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से संतुलित और पौष्टिक आहार प्रदान करते हुए समय-समय पर बच्चों का वजन और ऊंचाई रिकार्ड करते हुए गंभीर मामलों में स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पतालों की मदद से उपचार करना शामिल है। इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग जगरानी एक्का, महेश मरकाम तथा परियोजना अधिकारी उषा किरण चन्द्राकर, सरिता कुशवाहा, प्राची शर्मा, सोमेन्द्र साहू, सुमित गडेचा उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *