बालूमाथ | एकीकृत बालूमाथ प्रखण्ड क्षेत्र के हाटाटोगरी गांव में शनिवार को एक युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक युवक की पहचान चंदन कुमार (20 वर्ष), पिता मोहन राम, निवासी हाटाडोंगरी, हेरहंज के रूप में हुई। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार घटना शनिवार लगभग एक बजे की है। युवक ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पाकर हेरहंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक ने किस कारण से आत्महत्या की है। वहीं पुलिस मामले के हर पहलू पर जांच कर रही है। वही घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। भास्कर न्यूज | पांडू प्रखंड के महुंगावा पंचायत अंतर्गत काती में आयोजित पांच दिवसीय शतचंडी महायज्ञ और नवनिर्मित मंदिर में देवी और हनुमत देव की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान शनिवार को संपन्न हो गया। आखिरी दिवस को पूर्णाहुति के पूर्व श्री श्री 1008 श्री अतिराज सुंदर स्वामी जी महाराज ने अपनी अमृत कथा के समापन पर सज्जन पुरुष लक्ष्मण पर विशेष कथा कही। उन्होंने अपने कथा में मनुष्य को इस धरा धाम से मानव के मुक्ति के लिए श्रीमन्न नारायण का संकीर्तन का निरंतर जाप करने के संदेश दिए। वही इस यज्ञ में पांडू के प्रभारी बीडीओ सह सीओ रणवीर कुमार ने इस महती धार्मिक अनुष्ठान में आए संतों के दर्शन वंदन कर आशीष ग्रहण किए। पांडू थाना प्रभारी विगेश कुमार राय भी पूरे महा अनुष्ठान के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदलबल सुरक्षा व्यवस्था बनाए हुए थे। वही यज्ञाचार्य अभिषेक शास्त्री जी महाराज ने पूर्णाहुति सह विसर्जन के मौके पर शतचंडी महायज्ञ के दौरान कार्यरत वॉलिंटियर को अंगवस्त्र देते हुए मांस-मछली व मदिरा से दूर रहने की अपील की। मौके पर दयानंद सिंह, कुंडल सिंह, लालेश सिंह, अरविंद सिंह, मिथिलेश रजक, मिथिलेश चंद्रवंशी, पारस सिंह, वयोवृद्ध शिक्षक रामविलास सिंह आदि प्रमुख थे। भास्कर न्यूज |विश्रामपुर जिला शिक्षा पदाधिकारी सौरभ कुमार ने स्थानीय नप के अंतर्गत जैक रांची द्वारा संचालित दसवीं और बारहवीं के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इनमें रेहल(बी मोड़) स्थित संत तुलसीदास इंटर परीक्षा केंद्र पर सिविक्स विषय की परीक्षा में कदाचार करते चार परीक्षार्थी को एक वर्ष के लिए परीक्षा देने से निष्कासित कर दिया। सभी चारों परीक्षार्थी आर के प्लस टू कल्याण उच्च विद्यालय के इंटर परीक्षार्थी हैं।वहीं आर केजेबी प्लस टू उच्च विद्यालय रेहला परीक्षा केंद्र और स्थानीय नप मुख्यालय स्थित आर के जनता प्लस टू उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र में इंटर दूसरी पाली की परीक्षा को डीईओ ने शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त पाए। इसी तरह पांडू प्रखंड मुख्यालय स्थित आर के प्लस टू कल्याण हाई स्कूल परीक्षा केंद्र का भी डीईओ सौरभ कुमार ने शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त पाए। पाटन | पाटन थाना क्षेत्र के हिसरा बरवाडीह गांव में चार वर्षों से चला आ रहा प्रेम संबंध सामाजिक स्वीकार्यता की कसौटी पर खरा उतरा। पंचायत और थाना की दहलीज पार करने के बाद प्रेमी-प्रेमिका ने आखिरकार विवाह कर अपने रिश्ते को वैध पहचान दिला दी। गांव की प्रीति कुमारी (18 वर्ष), पिता उचित पासवान और दशरथ कुमार (24 वर्ष), पिता वीरेंद्र राम दोनों बीए के छात्र रहे हैं। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं और करीब चार वर्षों से प्रेम संबंध में थे, लेकिन इसकी जानकारी परिजनों को नहीं थी। मामला तब सामने आया जब युवती के पिता ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। इससे आहत प्रीति ने शादी से साफ इनकार कर दिया और अपने प्रेमी से विवाह की बात पर अडिग रही। वहीं युवक द्वारा पहले टालमटोल किए जाने से विवाद और गहरा गया।सूचना मिलते ही गांव में पंचायत बुलाई गई, लेकिन पंचायत के दौरान युवती वहां से निकलकर सीधे युवक के घर पहुंच गई। इसके बाद मामला पाटन थाना तक जा पहुंचा, जिससे गांव में चर्चा का माहौल बन गया। शुक्रवार को बैदा कला दुर्गा मंदिर (विवाह मंडप) में प्रेमी-प्रेमिका का विवाह विधिवत संपन्न कराया गया।


