लातेहार : अध्यक्ष के लिए आठ व वार्ड पार्षद के 56 प्रत्याशियों को दिया गया चुनाव चिह्न

भास्कर न्यूज |लातेहार नगर पंचायत आम चुनाव को लेकर शनिवार को अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए। चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर चुनाव से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। प्रेसवार्ता के दौरान उपायुक्त ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए कुल 8 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 4 महिला एवं 4 पुरुष शामिल हैं। वहीं नगर पंचायत क्षेत्र के 15 वार्डों में कुल 56 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें 30 महिला और 26 पुरुष प्रत्याशी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत चुनाव के लिए कुल 22 मतदान केंद्र (बूथ) बनाए गए हैं। इन बूथों पर कुल 19,989 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 9,458 महिला मतदाता और 10,531 पुरुष मतदाता शामिल हैं। जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। अधिक से अधिक मतदान प्रतिशत सुनिश्चित करने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से संपन्न कराया जाएगा। एक बैलेट पेपर पर अधिकतम 18 प्रत्याशियों के नाम अंकित रहेंगे। अध्यक्ष पद के लिए गुलाबी रंग का बैलेट पेपर, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए सफेद रंग का बैलेट पेपर उपयोग में लाया जाएगा। प्रेस वार्ता में अपर समाहर्ता रामा रविदास, एसडीओ अजय रजक, डीएसओ श्रवण राम, जिला निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। अध्यक्ष के लिए गुलाबी रंग का होगा बैलेट पेपर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *