मनिका | प्रखंड मुख्यालय से महज 10 किमी की दूरी पर स्थित माड़ादाग पंचायत का नूनफोरवा क्षेत्र आज के समय में प्रकृति के एक जीवंत वरदान के रूप में उभरा है। जहां आधुनिक युग में पानी के लिए भारी-भरकम मशीनों और बोरिंग पर निर्भरता बढ़ी है, वहीं नूनफोरवा में जमीन से 12 महीने स्वतः ही पानी की धारा प्रवाहित हो रही है। इस प्राकृतिक स्रोत की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां बिना किसी बिजली या सोलर मोटर के पानी निरंतर बाहर निकलता रहता है। इस पानी से आसपास के बड़े भू-भाग की सिंचाई हो रही है, जिससे क्षेत्र के किसानों की किस्मत चमक रही है। फोटो : पारस यादव


