भास्कर न्यूज | अमृतसर मक्खू-पट्टी रेल लिंक परियोजना को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर दी गई है। संबंधित जिलों को फंड जारी कर दिया गया है। पट्टी क्षेत्र के 8 गांवों की जमीन अधिग्रहण के लिए 24 दिसंबर 2025 को 138 करोड़ केंद्र सरकार की ओर से जारी किए जा चुके हैं। वहीं फिरोजपुर जिले के 4 गांवों के लिए उसी दिन 85 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई। किसानों को मुआवजे के भुगतान तेजी से किया जा रहा है। मक्खू–पट्टी रेल लिंक न केवल यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाएगा, बल्कि व्यापार, कृषि और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। रेल मंत्री बिट्टू ने बताया कि हरिके के नजदीक बनने वाले प्रस्तावित पुल का नक्शा तैयार किया जा रहा है। बिट्टू ने अमृतसर रेलवे स्टेशन को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि स्टेशन के पुनर्विकास और आधुनिकीकरण के लिए करीब 500 करोड़ की राशि जल्द जारी की जाएगी। रेलवे अधिकारियों की ओर से तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और अगले एक माह में काम शुरू कर दिया जाएगा। बिट्टू के ऐलान से लोगों में उम्मीद जगी है कि स्टेशन के कायाकल्प का काम जल्द होगा। बिट्टू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘गद्दार’ वाले बयान पर पलटवार किया। बिट्टू ने कहा कि राहुल गांधी की ओर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना कांग्रेस की सोच और उनकी मानसिकता को उजागर करता है। कांग्रेस आज तक ऐसा एक भी नेता पैदा नहीं कर पाई, जिसे पार्टी हाईकमान वास्तविक नेतृत्व सौंप सके। राहुल गांधी का रवैया घमंडी और अपमानजनक है। केंद्रीय मंत्री बिट्टू ने व्यापारियों से मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों ने अफगानिस्तान के साथ व्यापार खोलने की सबसे अहम मांग रखी। इसके साथ ही कोट खालसा फाटक पर आरओबी, टेलीफोन एक्सचेंज में बीएसएनएल की बनी बिल्डिंग को खत्म करके वहां मल्टी स्टोरी पार्किंग, यूनिटी मॉल, इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड बनाने आदि की मांगे भी केंद्रीय रेल राज्य मंत्री के समक्ष रखी। इसके अलावा जिला भाजपा प्रधान हरविंदर सिंह संधू ने रीगो ब्रिज के बंद पड़े काम को जल्द से जल्द पूरा करवाने की भी मांग की। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री ने आश्वासन दिया कि व्यापारियों की सभी मांगों को हर हाल में पूरा किया जाएगा। भाजपा नेता व व्यापारी मानव तनेजा ने कहा कि भारत का अफगानिस्तान के साथ व्यापार बंद है। अब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के संबंध ठीक हो रहे है, इसलिए अफगानिस्तान के साथ व्यापार शुरु किया जाना चाहिए। व्यापार बंद होने के कारण 50 हजार के करीब लोग बेकार हुए पड़े है। इसके अलावा सब्जी मंडी वल्ला का आर्मी के साथ लगता दायरा 100 मीटर किया जाना चाहिए। पहले यह दायरा करीब 1000 मीटर था, जिसके बाद इसे 300 मीटर किया गया, लेकिन इसके बावजूद भी वल्ला मंडी इसी दायरे में आ रही है और इसका विकास नहीं हो पा रहा है। पंजाब व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुरिंदर दुग्गल ने उनके समक्ष मांग रखी कि अमृतसर में पहले यूनिटी मॉल बनाया जाए। यहां यह मॉल बनाया जाना था, लेकिन उसे रद्द कर दिया गया है। यह व्यापारियों की एक बड़ी जरूरत है, इसलिए इसे बनाया जाए। हलका पश्चिमी के इंचार्ज कुमार अमित ने केंद्रीय रेल राज्य मंत्री को एक मांग पत्र सौंपा। उन्होंने कोट खालसा फाटक पर रेलवे ओवर ब्रिज बनाने की मांग की। बिट्टू जब शनिवार को भाजपा दफ्तर में प्रैस कांफ्रेंस पहुंचे तो उनके साथ बैठने के लिए नेताओं में होड़ लगी रही। प्रैस कांफ्रेंस से पहले ही कई नेता कुर्सियों पर बैठ गए थे। बीच में कुर्सी न होने की वजह से जिला प्रधान हरविंदर सिंह संधू नहीं बैठ पाए। इस दौरान बिट्टू ने उन्हें अपने पास बैठाने के लिए पहले तो कुर्सी देखी, लेकिन जगह न होने पर अपनी कुर्सी के हैंडल पर ही बैठा लिया।


