लक्की ओबेरॉय हत्याकांड:अमृतसर में मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी नौकर गिरफ्तार, पिस्टल बरामद

अमृतसर | पुलिस ने जालंधर में आप नेता लक्की ओबेरॉय हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी नौकर को खासा खुरमनिया मोड़ में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल भी बरामद की गई है। यह जानकारी डीआईजी बॉर्डर रेंज संदीप गोयल ने दी। पुलिस की जवाबी कारवाई में आरोपी गोली लगने से जख्मी हुआ है, जिसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान शमिंदर सिंह निवासी गांव मिठापुर, जालंधर के रूप में हुई है। लक्की की हत्या के दौरान आरोपी स्कूटी पर शूटर के साथ सवार था और उसके खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी शमिंदर लक्की को 10/12 साल से जनता था। शुक्रवार सुबह जालंधर के मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा की पार्किंग में माथा टेकने के बाद निकल रहे सतविंदर पाल सिंह उर्फ लक्की ओबेरॉय की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी। घटना के बाद से ही पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाकर जांच कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। शनिवार शाम 7 बजे सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि हत्या के बाद फरार आरोपी शमिंदर सिंह देहाती के खासा इलाके में छिपा है। इसके बाद पुलिस ने नाकेबंदी कर तलाशी अभियान तेज किया। एसएसपी देहाती सुहैल कासिम मीर ने बताया कार्रवाई के दौरान आरोपी को बाइक पर आते देखा गया। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह घबरा गया और बाइक मोड़ने की कोशिश में गिर पड़ा। इसके बाद भागने के प्रयास में आरोपी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। एसएसपी ने बताया पूछताछ में आरोपी ने लक्की ओबेरॉय की हत्या में एक अन्य व्यक्ति की जानकारी देते हुए अहम खुलासे किए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *