अलवर| फाल्गुन में तापमान में तेज उतार-चढ़ाव हो रहा है। दिन के समय तेज धूप मार्च जैसी गरमाहट का अहसास करा रही है। जबकि रात में सर्दी के तेवर दिसंबर-जनवरी जैसे हो जाते हैं। बीते 6 दिनों में अधिकतम तापमान में 6 डिग्री और बीते 24 घंटे में 3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। शनिवार को अलवर में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार रविवार को मौसम साफ रहने की संभावना है। सूरज ढलते ही लुढ़कने लगता है पारा दोपहर 2 बजे तापमान 26 डिग्री पर पहुंच गया। धूप में तेजी होने के कारण अधिक देर सहन नहीं हो रही थी। सूर्यास्त के साथ तापमान में गिरावट आना शुरू हो गई। 5 घंटे में तापमान 11 डिग्री गिरकर 17 डिग्री पर आ गया। जैसे जैसे रात बढ़ती गई तापमान में गिरावट आती गई। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार अलवर जिले में 13 फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।


