शिक्षक एप पर उपस्थिति में अलवर दूसरे तो कोटपूतली-बहरोड़ 23वें स्थान पर रहा

भास्कर न्यूज| अलवर प्रदेश में शिक्षक एप के माध्यम से स्टाफ और स्टूडेंट्स की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में अलवर जिला दूसरे स्थान पर रहा है। साथ ही मिड डे मील रिपोर्टिंग और शाला संबलन के क्षेत्र में भी जिले का प्रदर्शन सराहनीय रहा। जनवरी माह में शिक्षक एप पर अलवर जिले में स्टाफ की उपस्थिति 95.64 फीसदी, स्टूडेंट्स की उपस्थिति 82.51 फीसदी व एमडीएम रिपोर्टिंग 72.42 फीसदी रही। जिले ने शिक्षा निगरानी के डिजिटल प्रयासों में प्रदेश में मजबूत स्थिति बनाई है। हालांकि जिले से अलग हुए कोटपूतली-बहरोड़ और खैरथल-तिजारा जिलों का प्रदर्शन चिंताजनक रहा। कोटपूतली-बहरोड़ प्रदेश में 23वें स्थान पर रहा, जबकि खैरथल-तिजारा 38वें पायदान पर फिसड्डी साबित हुआ। वहीं, पाली जिला प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। 782 स्कूलों में 80% से अधिक रही स्टूडेंट्स की उपस्थिति अलवर जिले के 10 ब्लॉकों में कुल 1492 सरकारी स्कूल संचालित हैं। इनमें से 1462 स्कूलों ने शिक्षक एप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करना शुरू कर दिया है। जंगल और दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित 30 स्कूलों में इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या के कारण अभी ऑनलाइन उपस्थिति नहीं ली जा रही है। मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान के तहत जिले में 1 लाख 81 हजार 246 स्टूडेंट्स की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने का लक्ष्य तय किया गया था। इसके मुकाबले जनवरी माह में 1 लाख 30 हजार 497 स्टूडेंट्स की उपस्थिति दर्ज की गई। शाला संबलन अभियान में भी जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा। जिले के 1231 स्कूलों में शिक्षा अधिकारियों ने विजिट कर डिजिटल स्कूल निगरानी प्रणाली एप के माध्यम से स्कूलों के शैक्षिक प्रदर्शन, बुनियादी ढांचे और उपस्थिति का निरीक्षण किया। इनमें से 782 स्कूलों में स्टूडेंट्स की उपस्थिति 80 प्रतिशत से अधिक पाई गई। ^सभी शिक्षकों के सम्मिलित प्रयासों से जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा है। सिस्टम में कुछ कमियां हैं, जिन्हें दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आने वाले समय में जिला प्रथम स्थान प्राप्त कर सके।- महेश गुप्ता, सीडीईओ

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *