अमृतसर| अस्पताल के बाहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में एक दिन के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह घटना 5 फरवरी की है। पुलिस को दी शिकायत में सुखजीत सिंह निवासी गांव जसपाल, तहसील बाबा बकाला ने बताया कि वह आर्मी से रिटायर्ड हैं। 5 फरवरी को उनकी बहन बलजिंदर कौर, पत्नी दर्शन सिंह, इलाज के लिए जीटी रोड स्थित अस्पताल में भर्ती थीं। उनकी देखभाल के लिए वह और उनके जीजा दर्शन सिंह अस्पताल पहुंचे हुए थे। वह और उनके जीजा अस्पताल के बाहर खड़े थे। इसी दौरान वह करीब दो मिनट के लिए अपनी कार की चाबी लेने अस्पताल के अंदर चले गए। जब वह वापस लौटे तो उनके जीजा दर्शन सिंह गंभीर हालत में सड़क पर गिरे हुए थे। लोगों ने बताया कि उन्हें किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। एएसआई रणजीत कुमार ने बताया कि इस मामले में सीसीटीवी खंगाल रहे हैं। जल्द आरोपी को काबू किया जाएगा।


