अमृतसर| कंटोनमेंट थाना के इलाके में धमकी देने और रास्ता रोकने के मामले में पुलिस ने बाप-बेटे के खिलाफ पर्चा दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में हरप्रीत सिंह निवासी संधू कॉलोनी, छेहर्टा ने बताया कि उनका बेटा शैल सिंह (26) का कंवर गुरशेर सिंह संधू से पुराना विवाद चल रहा है। 5 फरवरी को कंवर गुरशेर सिंह संधू उनकी वर्ना कार में उनके बेटे के ससुराल, रणजीत एवेन्यू पहुंचा और उनके बेटे को धमकियां देकर चला गया। हरप्रीत सिंह ने बताया कि इसी संबंध में वह शिकायत देने के लिए थाना कंटोनमेंट पहुंचे थे। इसी दौरान थाने के बाहर कंवर गुरशेर सिंह का पिता नवशेर सिंह संधू अपनी कार लेकर वहां आ पहुंचा। कार पर नंबर प्लेट पीबी-13-जे-0098 लगी हुई थी, लेकिन शिकायतकर्ता का आरोप है कि वही कार पहले पीबी-11-एफएल-2753 नंबर प्लेट के साथ धमकी देने के समय इस्तेमाल की गई थी। आरोप है कि कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार नवशेर सिंह संधू ने उन्हें देखते ही जान से मारने की धमकियां भी दीं, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर स्थिति संभाली। एएसआई मुकंदबीर सिंह ने बताया कि कार की नंबर प्लेट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


