पंजाब के जालंधर में AAP नेता लक्की ओबरॉय की हत्या के 38 घंटे बाद पहला आरोपी पुलिस ने अरेस्ट किया। जालंधर पुलिस दिनभर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापे मारने की बात कहती रही। जबकि रात 9 बजे अमृतसर पुलिस ने कत्ल में शामिल नौकर शमिंदर उर्फ शिंगरी का एनकाउंटर करने की पुष्टि की। इस दौरान नौकर ने कहा कि एक बार बचा लो। गलती हो गई। दोबारा गलती नहीं करूंगा। जालंधर पुलिस के अधिकारी हरिंदर गिल ने मर्डर के 24 घंटे बाद नौकर की भूमिका होने की बात स्वीकार की। इससे पहले पुलिस मेटर ऑफ इन्क्वायरी कहकर पल्ला झाड़ती रही। हालांकि इससे पहले DGP गौरव यादव ने बड़ी लीड मिलने की बात कही थी और कहा था कि पुलिस आरोपियों के काफी करीब पहुंच चुकी है। हालांकि मुख्य शूटर और एक अन्य आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने थाना-5 में दो आरोपियों के खिलाफ बाइनेम पर्चा किया है। 7 फरवरी को दोपहर 1 बजे के करीब लक्की ओबरॉय का अंतिम संस्कार कर दिया गया। लक्की ओबरॉय की 6 फरवरी की सुबह साढ़े 7 बजे जालंधर के मॉडल टाउन गुरुद्वारा के बाहर गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। वे 43 साल के थे। स्कूटी पर आए दो युवकों ने उनको 5 गोलियां मारीं। इनमें से 5 गोलियां ओबरॉय के सीने, पेट और गर्दन में लगी। पुलिस ने नौकर का एनकाउंट किया, पिल्टल बरामद
शनिवार को अमृतसर रूरल पुलिस ने नौकर शिंगरी को मुठभेड़ में पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से .30 बोर पिस्टल बरामद की है। DIG बॉर्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शमिंदर सिंह जालंधर के मिठापुर का रहने वाला है। पहले भी कई अपराधों में शामिल रह चुका है। आरोपी सफेद एक्टिवा पर हत्या करने आए थे। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर खासी क्षेत्र में नाके लगाकर उसे पकड़ने की रणनीति बनाई। अमृतसर रूरल के SSP सुहैल कासिम मीर ने बताया कि आरोपी को मोटरसाइकिल पर आते हुए देखा गया। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया। लेकिन वह घबरा गया और गिर पड़ा। इसके बाद उसने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई। गोली लगने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक पूछताछ में शमिंदर सिंह ने हत्या में शामिल एक अन्य व्यक्ति की पहचान बताई। इसके आधार पर पुलिस ने बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी और तलाशी अभियान तेज कर दिया है। 48 घंटे में लक्की हत्याकांड में क्या हुआ… 6 जनवरीः गुरुद्वारा से माथा टेक निकलते ही फायरिंग
लक्की ओबरॉय जालंधर के पॉश एरिया, मॉडल टाउन इलाके में गुरुद्वारे में माथा टेकने आए थे। जैसे ही वे गुरुद्वारे से निकलकर अपनी थार गाड़ी में बैठने लगे तो एक बदमाश ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां चलते हुए का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें शूटर दोनों हाथ में पिस्टल लेकर फायरिंग करता हुआ दिखा। प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया लेकिन दम तोड़ा
ओबरॉय का परिवार उन्हें गंभीर हालत में मॉडल टाउन के प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों के मृत घोषित कर देने पर परिवार को भरोसा नहीं हुआ और ओबरॉय को श्रीराम अस्पताल ले जाया गया। यहां कुछ देर वेंटिलेटर पर रखने के बाद डॉक्टरों ने करीब 11 बजे मृत घोषित कर दिया। गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल ने कत्ल की जिम्मेदारी ली
लक्की की हत्या के 7 घंटे बाद यानी दोपहर 2 बजे के करीब गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल ने कत्ल की जिम्मेदारी ली। उसने पोस्ट में लिखा- वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह…आज जालंधर में जो लक्की ओबेरॉय का कत्ल हुआ है, इसकी जिम्मेदारी मैं जोगा फोलड़ीवाल लेता हूं। ये कत्ल हमने अपनी आपसी दुश्मनी के चलते करवाया है। सोशल मीडिया पर इसे AAP नेता कहकर वायरल किया जा रहा है, जो बिल्कुल गलत है। DGP गौरव यादव खुद जालंधर पहुंचे
AAP नेता के कत्ल के 10 घंटे बाद यानी 6 फरवरी शाम 5 बजे के करीब DGP गौरव यादव ने जालंधर आकर पुलिस अफसरों से रिव्यू मीटिंग की। इसके बाद क्राइम स्पॉट का निरीक्षण किया। DGP ने कहा- केस की इन्वेस्टिगेशन प्रोफेशनल व साइंटिफिक तरीके से की जा रही है। CCTV फुटेज में फॉरवर्ड व बैकवर्ड मूवमेंट ट्रैक की जा रही है। शूटरों की पहचान पर डीजीपी ने कहा- मैं जांच की डिटेल शेयर नहीं करूंगा। हमें जांच में कई लीड मिली हैं। जल्दी कामयाबी मिलेगी। 2 आरोपियों पर बाइनेम पर्चा
पोस्टमॉर्टम-मर्डर के साढ़े 10 घंटे बाद 6 फरवरी शाम साढ़े 5 बजे एफआईआर नंबर 25 दर्ज की गई। बीएनएस की धारा 103(1), 3(5) और 61(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत जालंधर कमिश्नरेट के पुलिस स्टेशन डिवीजन-6 में केस दर्ज किया गया। रात 9 बजे के करीब पोस्टमार्टम किया गया जिसमें 5 गोलियां निकाली गईं। दूसरे दिन जाकर अंतिम संस्कार
लक्की का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। श्मशानघाट में उनके 8 साल के बेटे ने उन्हें मुखाग्नि दी। पति के अंतिम दर्शन करते हुए पत्नी सिमरन बिलख-बिलखकर रोने लगी। कई औरतें उसे संभालने के लिए लगीं। अंतिम दर्शन के वक्त पत्नी बोली कि तुम उठते क्यों नहीं, मैंने बात करनी है। बेटियों ने कहा कि हमारे पापा को कहां लेकर जा रहे हो। हमें पापा से बात करने दो, हमारे पापा को कहीं मत लेकर जाओ। हमें बात करने दो। लक्की ओबरॉय के 8 साल के बेटे भीड़ के बीच गोद में उठाकर पिता के दर्शन करवाए गए। इस दौरान बेटा रोता रहा और पापा-पापा पुकारता रहा। मां का भी रो-रोककर बुला हाल था, मां यही कह रही थी मेरे पुत्तरा तू कहां चला मुझे छोड़कर। ——— ये खबर भी पढ़ें… AAP नेता हत्याकांड, नौकर का एनकाउंटर:अमृतसर में गोली लगने के बाद पकड़ा; जालंधर में हुआ लक्की ओबरॉय का अंतिम संस्कार
जालंधर में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबरॉय की हत्या मामले के मुख्य आरोपी को अमृतसर रूरल पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से .30 बोर पिस्टल बरामद की है। आरोपी लक्की ओबरॉय का नौकर था। वारदात के दौरान स्कूटी वही चलाकर लाया था। अभी फायरिंग करने वाला शूटर फरार है। पढ़ें पूरी खबर…


