भास्कर न्यूज | अमृतसर बंबीहा ग्रुप कारोबारियों को टारगेट करते हुए विदेशी नंबरों से कॉल कर फिरौती मांग रहा है। धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा, 2 माह में ही 5वां मामला सामने आया है। ताजा मामला राजासांसी के गांव महिलावाला निवासी एक कारोबारी से जुड़ा है, जिससे बंबीहा ग्रुप के गैंगस्टर प्रभ दासूवाल ने 50 लाख फिरौती मांगी है। धमकी भरा कॉल 6 फरवरी को आया, जिसमें फिरौती न देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की बात कही। कारोबारी हरप्रीत सिंह गिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कॉल विदेशी नंबर से की गई थी। कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर प्रभ दासूवाल बताते हुए सीधे तौर पर कहा कि अगर तय समय में पैसे नहीं मिले तो उसे और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा। लगातार मिल रही धमकियों से कारोबारी और उसका परिवार दहशत में है। पुलिस ने इस मामले में प्रभ दासूवाल के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, बीते 2 माह में यह 5वां ऐसा मामला है जिसमें बंबीहा ग्रुप के नाम पर फिरौती मांगी गई है। सभी मामलों में पैटर्न लगभग एक जैसा है, विदेशी नंबर, खुद को कुख्यात गैंगस्टर बताना और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी देना। 25 जनवरी 2026 को गैंगस्टर प्रभ दासूवाल ने घरिंडा के व्यक्ति को विदेश से कॉल कर 90 लाख फिरौती मांगी। न देने पर विदेश में रह रहे भाई को जान से मारने की धमकी दी। . 4 जनवरी 2026 को रिजॉर्ट में सरपंच जरमल की हत्या। जिम्मेवारी प्रभ दासूवाल ने ली थी। परिजनों के मुताबिक वह फिरौती मांग रहा था। 29 दिसंबर 2025 को राजासांसी के रहने वाले एक डाक्टर को कॉल कर 10 लाख फिरौती मांगी। .13 दिसंबर 2025 को विदेश में रह रहे लोपोके के युवक युवराज सिंह से 5 लाख डॉलर की फिरौती मांगी गई। पैसे न मिलने पर जान से मारने की धमकी दी गई।


