सरकारी स्कूल निजी संस्थानों से बेहतर हो रहे : रिंटू

अमृतसर| पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा ‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ के अंतर्गत स्कूल ऑफ एमिनेंस फॉर गर्ल्स, मॉल रोड में दूसरी ‘अभिभावक कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अमृतसर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन करमजीत सिंह रिंटू मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित हुए। विशेष अतिथियों में उप जिला शिक्षा अधिकारी राजेश खन्ना और एसएमसी चेयरमैन गुरप्रीत कटारिया शामिल रहे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आगामी परीक्षाओं के मद्देनजर बच्चों के लिए घर में शांत, सुरक्षित और सहयोगात्मक वातावरण तैयार करना था। विशेषज्ञों ने अभिभावकों को प्रेरित किया कि वे बच्चों पर दबाव बनाने के बजाय प्रेम और धैर्य से संवाद करें। उन्हें सलाह दी गई कि मोबाइल व टीवी का उपयोग सीमित करें और बच्चों की तुलना दूसरों से करने से बचें, ताकि उनका आत्मविश्वास बना रहे। इस दौरान अभिभावकों को नशे के दुष्परिणामों और प्रारंभिक संकेतों की पहचान के प्रति भी जागरूक किया गया। मुख्यातिथि करमजीत सिंह रिंटू ने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा और बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान दे रही है। आज सरकारी स्कूल निजी संस्थानों से बेहतर हो रहे हैं और शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कड़ी मेहनत और सत्यनिष्ठा के साथ अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने का आह्वान किया। स्कूल की प्रिंसिपल मनदीप कौर ने सभी का स्वागत करते हुए विद्यालय की सुविधाओं और विद्यार्थियों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *